उत्तर प्रदेश विधानसभा में शुक्रवार (13 फरवरी) का दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम रहा. राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी (SP) की जमकर क्लास लगाई. अपने आक्रामक तेवरों के लिए मशहूर योगी आदित्यनाथ ने इस बार शायराना अंदाज अपनाया और मिर्जा गालिब का शेर सुनाकर विपक्ष को निरुत्तर कर दिया.
CM योगी का ‘गालिब’ वाला तंज
सदन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के दौरान सपा विधायकों द्वारा किए गए हंगामे और नारेबाजी पर सीएम योगी ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह व्यवहार मातृशक्ति का अपमान था. सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “सपा के आचरण से पूरा सदन आहत है. इनके लिए गालिब ने कहा था- ‘उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करता रहा’.”
सीएम का इशारा साफ था कि समाजवादी पार्टी अपनी कमियों और अपने कार्यकाल के दाग देखने के बजाय सरकार और राज्यपाल पर कीचड़ उछाल रही है.
‘पहले वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया चलता था’
सीएम योगी ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और आज के यूपी के बीच का अंतर समझाया. उन्होंने सपा सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा:
- माफिया राज: “पहले यूपी में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ (ODOP) नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ का कार्यक्रम चलता था. सत्ता के संरक्षण में गुंडे पलते थे और उनकी समानांतर सरकार चलती थी.”
- सुरक्षा: “2017 से पहले न बेटियां सुरक्षित थीं और न ही व्यापारी. आए दिन कर्फ्यू और दंगे होते थे. युवाओं के सामने पहचान का संकट था.”
‘उपद्रव नहीं, अब उत्सव प्रदेश है यूपी’
सीएम ने कहा कि पिछले 9 सालों में अनुशासन और जीरो टॉलरेंस की नीति ने यूपी की तस्वीर बदल दी है.
- ग्रोथ इंजन: “अब यूपी को कोई ‘बीमारू’ राज्य नहीं कहता. अब यह भारत के विकास का अग्रणी इंजन है.”
- आस्था का सम्मान: “आज यूपी में भय का नहीं, आस्था का माहौल है. कुंभ में 12 करोड़ और प्रयागराज माघ मेले में 21 करोड़ श्रद्धालुओं का आना इस बात का सबूत है कि लोगों को सुरक्षा पर भरोसा है. अब यह ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, बल्कि ‘उत्सव प्रदेश’ है.”