नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार द्वारा पद्म पुरस्कारों का ऐलान होते ही देश भर से प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दीं और उनकी उपलब्धियों को समाज के लिए एक मिसाल बताया. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए विजेताओं की लगन और सेवा भाव की विशेष सराहना की है.
पीएम मोदी ने विजेताओं के जज्बे को किया सलाम
पुरस्कारों की घोषणा के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ पर एक पोस्ट साझा किया. उन्होंने लिखा, “हमारे देश के लिए उनके बेहतरीन योगदान के लिए सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई. अलग-अलग क्षेत्रों में उनकी काबिलियत, लगन और सेवा हमारे समाज को और बेहतर बनाती है. यह सम्मान उस कमिटमेंट और काबिलियत की भावना को दिखाता है जो पीढ़ियों को प्रेरित करती रहती है.” वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ये महानुभाव देश और राष्ट्र की प्रतिष्ठा एवं सम्मान को बढ़ाने का काम कर रहे हैं.
131 नायकों को मिला सम्मान, 19 महिलाएं शामिल
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी है. इस सूची में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं. इस बार की लिस्ट समावेशी है, जिसमें 19 महिलाएं शामिल हैं. इसके अलावा, विदेशी/एनआरआई/ओसीआई श्रेणी के 6 व्यक्तियों और 16 लोगों को मरणोपरांत सम्मानित किया गया है.
धर्मेंद्र और शिबू सोरेन को मरणोपरांत मिला बड़ा सम्मान
इस साल की सूची में कई बड़े नाम शामिल हैं. दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और वामपंथी नेता वीएस अच्युतानंदन को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से नवाजा गया है. इनके अलावा केटी थॉमस, एन राजम और पी नारायणन को भी यह सम्मान मिला है. वहीं, ‘पद्म भूषण’ पाने वालों में झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन (मरणोपरांत), बॉलीवुड गायिका अलका याग्निक, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, साउथ सुपरस्टार ममूटी और उद्योगपति उदय कोटक जैसे दिग्गज शामिल हैं.