मकर संक्रांति की छुट्टी को लेकर यूपी सरकार का बड़ा फैसला, अब 14 को नहीं इस तारीख को बंद रहेंगे दफ्तर

उत्तर प्रदेश में मकर संक्रांति के पर्व पर सरकारी छुट्टी को लेकर चल रहा असमंजस अब खत्म हो गया है। योगी सरकार ने बड़ा बदलाव करते हुए सार्वजनिक अवकाश की तारीख बदल दी है। पहले यह छुट्टी 14 जनवरी को निर्धारित थी, लेकिन अब जारी किए गए नए आदेश के मुताबिक, प्रदेश में मकर संक्रांति का अवकाश 15 जनवरी 2026 को होगा। प्रशासन ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।

शासन ने जारी किया संशोधित आदेश

उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह बदलाव 17 नवंबर 2025 को जारी की गई वर्ष 2026 की छुट्टियों की सूची में संशोधन करते हुए किया गया है। पहले 14 जनवरी को अवकाश घोषित था, लेकिन अब शासन स्तर पर हुए विचार-विमर्श के बाद इसे बदल दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ‘निगोशिएबुल इंस्ट्रूमेंट एक्ट 1881’ के तहत अब मकर संक्रांति का सार्वजनिक अवकाश 15 जनवरी 2026 को प्रभावी माना जाएगा।

आस्था और स्नान का महापर्व

धार्मिक दृष्टिकोण से मकर संक्रांति का विशेष महत्व है। जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तब यह पर्व मनाया जाता है। इस दिन गंगा स्नान और दान-पुण्य की विशेष परंपरा है, जिसके चलते प्रयागराज समेत विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इनपुट के अनुसार, हालांकि धार्मिक मान्यताओं के आधार पर मकर संक्रांति का त्योहार 14 जनवरी 2026 को मनाया जाएगा, लेकिन सरकारी अवकाश 15 जनवरी को रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *