सावधान! बच्चों की इस दवा में मिला जानलेवा जहर, सरकार ने बिक्री पर लगाई तत्काल रोक

बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। तेलंगाना में बच्चों को पिलाई जाने वाली एक लोकप्रिय दवा ‘अल्मोंट-किड’ (Almont-Kid) सिरप के इस्तेमाल पर तुरंत प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। तेलंगाना औषधि नियंत्रण प्रशासन (DCA) ने एक जरूरी एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि जांच के दौरान इस सिरप में ‘इथाइलीन ग्लाइकॉल’ (Ethylene Glycol) नाम का एक बेहद खतरनाक और जहरीला रसायन मिला है, जो बच्चों की जान के लिए खतरा बन सकता है।

कोलकाता की लैब रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा

इस कार्रवाई का आधार केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO), कोलकाता की एक लैब रिपोर्ट है। रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई है कि बिहार की दवा निर्माता कंपनी ‘ट्रिडस रेमेडीज’ (Tridus Remedies) द्वारा बनाई गई इस सिरप में मिलावट है। विशेष रूप से बैच नंबर AL-24002 को असुरक्षित घोषित किया गया है। आमतौर पर डॉक्टर इस सिरप का उपयोग बच्चों में एलर्जी, अस्थमा और हे फीवर जैसी समस्याओं के इलाज के लिए करते हैं, लेकिन अब यही दवा बच्चों के लिए मुसीबत बन गई है।

इंडस्ट्रियल केमिकल से किडनी फेल होने का खतरा

जांच में सामने आया है कि सिरप में मौजूद ‘इथाइलीन ग्लाइकॉल’ की मात्रा निर्धारित मानकों से बहुत ज्यादा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह एक इंडस्ट्रियल सॉल्वेंट है जिसका इस्तेमाल गाड़ियों में कूलेंट या एंटी-फ्रीज बनाने में किया जाता है। अगर यह रसायन शरीर के अंदर चला जाए, तो यह बच्चों की किडनी को पूरी तरह डैमेज कर सकता है और तंत्रिका तंत्र पर बुरा असर डाल सकता है। गंभीर मामलों में यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।

बाजार से तुरंत हटाने और कानूनी कार्रवाई के आदेश

प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य के सभी ड्रग इंस्पेक्टरों को निर्देश दिया है कि वे मेडिकल स्टोर्स और अस्पतालों से इस बैच की सारी दवाएं तुरंत जब्त करें। साथ ही, निर्माता कंपनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने साफ किया है कि बच्चों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि अगर उनके घर में बैच नंबर AL-24002 की ‘अल्मोंट-किड’ सिरप रखी है, तो उसका इस्तेमाल गलती से भी न करें और इसकी सूचना तुरंत अधिकारियों को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *