सतुआ बाबा के चक्कर में न पड़ो…, माघ मेले में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने DM की लगाई क्लास, रोटी बनाने वाले वीडियो पर कसा तंज

प्रयागराज: 3 जनवरी से शुरू होने वाले माघ मेले की तैयारियों की पोल तब खुल गई जब उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। संगम नोज पर अव्यवस्था और अधूरा काम देखकर उनका पारा चढ़ गया। इस दौरान उन्होंने प्रयागराज के डीएम मनीष वर्मा को सबके सामने फटकार लगाई और उनके एक वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए तीखा तंज कसा।

DM को नसीहत: ‘रोटी बेलना छोड़िए, बाकी संतों को देखिए’

निरीक्षण के दौरान जब डीएम मनीष वर्मा वहां पहुंचे, तो गाड़ी में बैठते समय डिप्टी सीएम ने उन्हें सबके सामने नसीहत दे डाली।

  • क्या कहा केशव मौर्य ने: उन्होंने डीएम से कहा, “संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा के चक्कर में न पड़ो. बाकी साधुओं को भी देखिए.”
  • क्या था मामला: दरअसल, कुछ दिन पहले डीएम मनीष वर्मा का ‘खाक चौक’ में सतुआ बाबा के आश्रम में चूल्हे पर रोटी बनाते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। डिप्टी सीएम ने उसी ओर इशारा करते हुए कहा कि केवल एक बाबा की सेवा में न लगें, बल्कि उन साधु-संतों का भी ध्यान रखें जिन्हें अब तक जमीन और सुविधाएं नहीं मिली हैं। यह सुनकर वहां मौजूद लोगों की हंसी छूट गई, जबकि डीएम का चेहरा उतर गया।

स्नान घाट तैयार नहीं, संत नाराज

डिप्टी सीएम की नाराजगी की मुख्य वजह मेले की धीमी रफ्तार थी:

  • अधूरे घाट: संगम नोज पर अभी तक स्नान घाट पूरी तरह तैयार नहीं मिले।
  • संतों की शिकायत: कई साधु-संतों ने डिप्टी सीएम से मिलकर शिकायत की कि उन्हें अभी तक सुविधाएं और जमीन आवंटित नहीं हुई है।

फटकार के बाद एक्शन में प्रशासन

डिप्टी सीएम के कड़े तेवर और फटकार के बाद प्रशासन हरकत में आया। उनके जाने के बाद डीएम मनीष वर्मा ने खुद संगम नोज पर रुककर स्नान घाट का निरीक्षण किया और मातहत अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *