यूपी चुनाव 2027: AIMIM के दावे से बढ़ी सपा की मुश्किलें, शादाब चौहान बोले- अखिलेश यादव के PDA को लगेगा झटका

बिहार चुनाव में मिली सफलता के बाद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर बड़े स्तर पर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। AIMIM के प्रवक्ता शादाब चौहान ने दावा किया है कि बिहार की तरह यूपी में भी उनकी पार्टी समाजवादी पार्टी (सपा) को घर बिठाने का काम करेगी, जिससे अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को बड़ा झटका लग सकता है।

मुरादाबाद में यूथ सम्मेलन, सपा पर साधा निशाना

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर ओवैसी की पार्टी पूरे दम के साथ काम में जुट गई है। इसी क्रम में मुरादाबाद में AIMIM ने यूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। इसमें पार्टी के प्रवक्ता शादाब चौहान ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा और बीजेपी के साथ सांठगांठ का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि “अखिलेश यादव की भाभी अपर्णा यादव को भाजपा में किसने भेजा?”

पूर्व मंत्री और सपा विधायक कमाल अख्तर को घेरते हुए शादाब चौहान ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, “वो भाजपा के साथ गठबंधन कर अपना होटल कारोबार चलाते हैं और हमें कहते हैं कि हमारी पार्टी के टिकट भाजपा तय करती है। भाजपा से पार्टनरशिप करने वाले क्या अब हमें बताएंगे?”

चौहान ने आगे कहा कि, “जैसे बिहार की जनता ने हमें कट्टरपंथी कह कर बकवास करने वाले को घर बैठा दिया है ऐसे ही अब यूपी में सपा वालों को जनता घर बैठाने का काम करेगी।”

‘मुस्लिमों को सीएम बनाने का ऐलान करें अखिलेश’

AIMIM प्रवक्ता ने यह भी कहा कि, उत्तर प्रदेश में निषाद समाज और राजभर समाज की संख्या मुस्लिमों के मुकाबले काफी कम होने के बावजूद वे लगातार सत्ता की मलाई खा रहे हैं। जबकि 20 प्रतिशत मुसलमान होने के बावजूद आज भी हमें जगह-जगह पीटा जा रहा है, प्रताड़ित किया जा रहा है।

उन्होंने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अखिलेश यादव मुसलमानों के नेता होने का दावा करते हैं और मुस्लिम वोटों की बदौलत उनकी पार्टी आज देश में तीसरे नंबर पर है। अगर अखिलेश यादव किसी मुसलमान को यूपी का मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान करते हैं तो AIMIM उनके साथ खड़ी होगी।

AIMIM ने बिहार विधानसभा चुनाव में 5 सीट जीतकर मजबूत शुरुआत की थी, और अब चौहान ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने दावा किया कि मुरादाबाद की सभी पाँच विधानसभा सीटें AIMIM जीतेगी तथा जिला पंचायत चुनाव में भी पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *