रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत पहुँचने से ठीक पहले, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा निशाना साधा है। राहुल गांधी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार नहीं चाहती कि विपक्ष के लोग फॉरेन डेलिगेशन से मिलें। उन्होंने कहा कि यह परंपरा रही है कि जब कोई विशिष्ट विदेशी मेहमान भारत आता है या वह विदेश जाते हैं, तो नेता प्रतिपक्ष से मुलाकात होती है, लेकिन पीएम मोदी की सरकार इसका पालन नहीं कर रही है।
राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘भारत का प्रतिनिधित्व हम भी करते हैं, सिर्फ सरकार नहीं करती है। सरकार नहीं चाहती कि विपक्ष के लोग बाहर के लोगों से मिलें।’’ उन्होंने आगे जोड़ा कि, “यह पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह के समय भी होता था। आजकल यह होता है कि जब बाहर से कोई आता है या मैं कहीं बाहर जाता हूं तो सरकार सुझाव देती है कि बाहर से आने वाले अतिथि या उनके (राहुल गांधी के) बाहर जाने पर वहां के लोग नेता प्रतिपक्ष से नहीं मिलें।” उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की असुरक्षा की भावना बताया।
सरकार ने दिया स्पष्टीकरण: विदेशी प्रतिनिधिमंडल की इच्छा पर निर्भर करती है मुलाकात
राहुल गांधी के इस आरोप पर सरकार के सूत्रों ने अपनी बात स्पष्ट की। सूत्रों के मुताबिक सरकार की ओर से कहा गया कि:
- “किसी विजिट के दौरान, MEA (विदेश मंत्रालय) आने वाले डिग्निटरी के लिए सरकारी अधिकारियों और सरकारी बॉडीज के साथ मीटिंग ऑर्गेनाइज करता है।”
- “यह विजिटिंग डेलीगेशन पर निर्भर करता है कि वह सरकार के बाहर मीटिंग ऑर्गेनाइज करे।”
संक्षेप में, केंद्र ने कहा कि भारत आने वाले विदेशी नेताओं पर यह निर्भर करता है कि वो किससे मिलना चाहते हैं, और उनके प्लान के अनुसार ही विदेश मंत्रालय मीटिंग की व्यवस्था करता है। यह बयान राहुल गांधी के आरोप को खारिज करता है कि सरकार जानबूझकर उन्हें इन मुलाकातों से रोक रही है।
नेता प्रतिपक्ष रहते राहुल गांधी किन विदेशी नेताओं से मिले?
इन आरोपों के बीच, यह जानकारी भी सामने आई कि नेता प्रतिपक्ष रहते हुए भी राहुल गांधी कई विदेशी नेताओं से मिल चुके हैं:
- बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना – 10 जून, 2024
- वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिंग – 1 अगस्त, 2024
- मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम – 21 अगस्त, 2024
- मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम – 16 सितंबर, 2025
- न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन – 8 मार्च, 2025