पीएम मोदी ने LNJP अस्पताल में घायलों का जाना हाल, दिल्ली ब्लास्ट पर बोले- साजिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार (12 नवंबर, 2025) को अपनी दो दिवसीय भूटान यात्रा पूरी कर नई दिल्ली लौटे। भारत लौटते ही उन्होंने सीधे लोक नायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल का रुख किया, जहां उन्होंने दिल्ली के लाल किले के बाहर सोमवार (10 नवंबर 2025) शाम हुए भीषण कार धमाके में घायल हुए लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। प्रधानमंत्री ने सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

“षड्यंत्र की तह तक जाएंगी जांच एजेंसियां”

पीएम मोदी ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट भी साझा किया। पोस्ट में उन्होंने कहा कि इस साजिश को रचने वाले लोगों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

इससे पहले, भूटान यात्रा के दौरान अपने संबोधन में भी प्रधानमंत्री ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया था। उन्होंने कहा था, “दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित किया है। मैं पीड़ित परिवारों का दुख समझता हूं। पूरा देश उनके साथ खड़ा है। मैं हर किसी को आश्वस्त करता हूं कि हमारी जांच एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जाएंगी। जो भी लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।”

NIA को सौंपी गई है जांच की जिम्मेदारी

सोमवार शाम को लाल किले के बाहर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास ट्रैफिक सिग्नल पर एक कार में यह बड़ा धमाका हुआ था। इस धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हुए थे।

धमाके के तुरंत बाद, भूटान की यात्रा पर गए पीएम मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर घटना की पूरी जानकारी ली थी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस कार धमाके की जांच की जिम्मेदारी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी है। NIA के साथ ही NSG और FSL की टीमें भी जांच में शामिल हैं। फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके में घेराबंदी की हुई है और केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामले की छानबीन के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच के आदेश भी दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *