
कनाडा से जारी तनाव के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को यूनाइटेड नेशंस के मंच से कड़ा जवाब दिया। जयशंकर ने कहा कि आतंकवाद या चरमपंथ के खिलाफ किसी देश की प्रतिक्रिया का आधार राजनीतिक सुविधा नहीं हो सकती।इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने की जरूरत पर जोर दिया। भारतीय विदेश मंत्री ने आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने का भी आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्र महासभा में जयशंकर की यह टिप्पणी कनाडा के साथ जारी राजनयिक विवाद के बीच आई है। कनाडा ने दावा किया है कि जून में खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में ‘दिल्ली के एजेंट’ शामिल थे। आतंकवाद के आरोपों में भारत में वांटेड निज्जर कनाडा का नागरिक था।