UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में अब चक्रवाती तूफान मोंथा (Cyclone Mountha) का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले दो दिनों में पूर्वी यूपी के कई जिलों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही प्रदेश का तापमान भी तेजी से गिरने की संभावना है।
पूर्वी यूपी में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 30 और 31 अक्टूबर को वाराणसी-मिर्जापुर मंडल समेत पूर्वांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होगी।
पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी हिस्से में लगभग सभी जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
31 जिलों में अलर्ट – 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
तूफान के असर से प्रदेश के करीब 31 जिलों में तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
इस दौरान दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
इन जिलों में रहेगा तूफान का सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग ने जिन जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है, उनमें शामिल हैं —
गोरखपुर, कुशीनगर, संत कबीर नगर, देवरिया, बलिया, मऊ, गाज़ीपुर, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, संत रविदास नगर, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली और जौनपुर।
यहां पर कई जगहों पर वज्रपात और मेघ गर्जन की स्थिति बन सकती है।
यहां भी होगी बारिश, पर खतरे की चेतावनी नहीं
बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, बस्ती, महाराजगंज में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
वहीं ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा और सिद्धार्थनगर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, कन्नौज, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर में भी हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है, लेकिन यहां कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
तापमान में आएगा उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में यूपी के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस की कमी हो सकती है।
इसके बाद 24 से 48 घंटे में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
हालांकि, न्यूनतम तापमान में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं होगा।