UP News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से सरकारी लापरवाही की शर्मनाक तस्वीर सामने आई है. यहां खराब सड़कों और एंबुलेंस न पहुंच पाने के कारण एक गर्भवती महिला को बैलगाड़ी में लिटाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ा. घटना के वायरल होने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है.
अखिलेश यादव का सरकार पर तंज
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, “भाजपा के कुशासन ने एंबुलेंस को ‘बुल’ऐंस बना दिया है. उत्तर प्रदेश में अब एंबुलेंस की जगह बैलगाड़ी चलने लगी है. क्या ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बैलगाड़ी खींचेगी? अगली बार मुख्यमंत्री जी जब फसल का मुआयना करने निकलें तो नीचे सड़क और एंबुलेंस का हाल भी देख लें. अगर न दिखाई दे तो दिल्ली की दूरबीन या ड्रोन का उपयोग कर लें.”
उन्होंने आगे कहा, “स्वास्थ्य मंत्री महोदय अगर सिर्फ नामपट्टिका तक सीमित नहीं कर दिए गए हैं, तो कम से कम बीमार लोगों की परेशानियों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं.”
गांव में सड़क न होने से नहीं पहुंच सकी एंबुलेंस
मामला मौदहा ब्लॉक के छानी गाऊघाट गांव के परसदवा का डेरा मंजरे का है. यहां 23 वर्षीय गर्भवती महिला रेशमा को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, लेकिन गांव तक सड़क न होने की वजह से एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी. कीचड़ और गड्ढों से भरे रास्ते पर परिवार ने महिला को करीब 3 किलोमीटर तक बैलगाड़ी में ले जाकर मुख्य सड़क पर खड़ी एंबुलेंस तक पहुंचाया, जिसके बाद उसे अस्पताल भेजा गया.
वायरल वीडियो ने उठाए प्रशासन पर सवाल
बैलगाड़ी में अस्पताल जाती गर्भवती महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. लोगों ने सवाल उठाया है कि आजादी के 79 साल बाद भी अगर गांवों तक पक्की सड़कें नहीं पहुंचीं और गर्भवती महिलाओं को बैलगाड़ी में अस्पताल ले जाना पड़ रहा है, तो यह सरकार की विकास योजनाओं पर बड़ा सवाल है.