अयोध्या दीपोत्सव 2025: 26 लाख दीपों से जगमग हुई रामनगरी, बने दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

Ayodhya Deepotsav 2025: पावन नगरी अयोध्या रविवार शाम एक बार फिर दिव्यता और भक्ति से सराबोर हो उठी। दीपोत्सव के नौवें संस्करण ने इस बार दो विश्व कीर्तिमान रचते हुए इतिहास रच दिया। 26,17,215 दीपों की रौशनी से पूरी रामनगरी जगमगा उठी, जबकि 2,128 वेदाचार्यों, पुजारियों और साधकों ने एक साथ मां सरयू की आरती कर दूसरा गिनीज रिकॉर्ड कायम किया।

26 लाख दीपों से रची गई नई विश्व रिकॉर्ड कीर्तिमान

योगी सरकार के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य दीपोत्सव ने अयोध्या को एक बार फिर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया। ड्रोन के माध्यम से दीपों की गणना कर रिकॉर्ड की पुष्टि की गई। जैसे ही ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ के जयघोष गूंजे, सरयू तट से लेकर गलियों तक हर ओर प्रकाश का सागर उमड़ पड़ा।

राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस अवसर पर हर मंदिर, गली और घर भक्ति की आभा से आलोकित हुआ। श्रद्धालुओं ने सरयू नदी तट पर पूजा-अर्चना कर दीप जलाए और भगवान श्रीराम के प्रति आस्था प्रकट की।

32 हजार से अधिक वालंटियर्स ने निभाई अहम भूमिका

इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय और विभिन्न सामाजिक संगठनों के 32,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर पूरे अयोध्या में दीप जलाए गए।

शाम का समापन रामकथा पार्क में भव्य आरती के साथ हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, साधु-संत और हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा, गूंज उठा ‘जय श्रीराम’

‘राम आए अवध की ओर सजनी’ की धुन पर जैसे ही पुष्पक विमान (हेलीकॉप्टर) से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण उतरे, पूरा वातावरण जयघोषों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी ने स्वयं पवित्र रथ को खींचकर भगवान का स्वागत किया।

इस अवसर पर आसमान से हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिसने पूरे माहौल को भक्तिभाव और गौरव से भर दिया।

संतों और गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर प्रमुख रूप से महंत नृत्य गोपाल दास, डॉ. रामविलास वेदांती, राघवाचार्य महाराज, कमल नयन दास महाराज, संतोषाचार्य महाराज (सतुआ बाबा) सहित कई संत मौजूद रहे।
साथ ही चंपत राय, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी भी इस भव्य आयोजन में उपस्थित रहे।

योगी बोले – ‘अयोध्या का दीपोत्सव आस्था और एकता का प्रतीक’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि,

“अयोध्या का दीपोत्सव सनातन धर्म में आस्था, एकता और गौरव का प्रतीक है।”

इस दौरान उन्होंने भगवान राम, माता सीता, मां सरयू और हनुमान जी की स्तुति की। कार्यक्रम में रूस, थाईलैंड, नेपाल, श्रीलंका और इंडोनेशिया से आए कलाकारों के साथ 2,000 भारतीय कलाकारों ने रामायण के प्रसंगों पर आकर्षक झांकियां और प्रस्तुतियां दीं।

ड्रोन शो ने खींचा सबका ध्यान

रात में अयोध्या का आसमान 1,100 स्वदेशी ड्रोन से सजे लाइट शो से जगमगा उठा। ड्रोन ने भगवान राम के दिव्य स्वरूप और रामायण के दृश्यों को आकाश पर उकेरा, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम मंदिर में जाकर गर्भगृह में पूजा-अर्चना की और राम की पैड़ी पर आरती संपन्न की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *