बिहार चुनाव से पहले JDU में बगावत, प्रदेश सचिव बद्री भगत ने दिया इस्तीफा, बोले- टिकट कटवाने की हुई साजिश

Bihar Election 2025: विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) में एक और बड़ा झटका लगा है. शुक्रवार (17 अक्टूबर 2025) को जेडीयू के प्रदेश सचिव और जिला बीस सूत्री समिति के सदस्य बद्री भगत ने अपने तीन हजार से अधिक समर्थकों के साथ पार्टी छोड़ दी. उन्होंने इस्तीफा देते हुए पार्टी नेतृत्व पर टिकट को लेकर साजिश रचने का आरोप लगाया.

बद्री भगत का आरोप – “टिकट का आश्वासन दिया, फिर कटवा दिया”

बद्री भगत ने कहा कि 3 अक्टूबर को पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने करगहर विधानसभा सीट से उन्हें टिकट देने का आश्वासन दिया था. लेकिन, उनके अनुसार मुख्यमंत्री के नजदीकी कुछ नेताओं ने 11 दिनों के भीतर उनका टिकट कटवा दिया.
उन्होंने कहा, “हम लंबे समय से पार्टी के हित में काम कर रहे थे, लेकिन कुछ लोग कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर पार्टी को कमजोर करने में लगे हुए हैं.”

“जेडीयू के अंदर चल रही साजिश”

बद्री भगत ने जेडीयू के शीर्ष नेतृत्व पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी के भीतर साजिश चल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत का सम्मान नहीं किया जा रहा और टिकट वितरण में केवल व्यक्तिगत हित देखे जा रहे हैं. भगत ने कहा कि अब वह अपने अगले राजनीतिक कदम की घोषणा जल्द करेंगे.

इस्तीफों की झड़ी, जिलाध्यक्ष और पूर्व मंत्री भी छोड़ चुके पार्टी

रोहतास जिले में यह पहला इस्तीफा नहीं है. इससे पहले पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह, पूर्व विधायक अशोक सिंह कुशवाहा और जिलाध्यक्ष अजय सिंह कुशवाहा भी पार्टी छोड़ चुके हैं.
चुनाव से ठीक पहले नेताओं और कार्यकर्ताओं के लगातार इस्तीफों से जेडीयू की संगठनात्मक स्थिति कमजोर होती दिख रही है.

जिले की सीटों पर मुश्किलें बढ़ीं

पिछले विधानसभा चुनाव (2020) में एनडीए को जिले की कोई भी सीट नहीं मिली थी. अब 2025 के चुनाव में जेडीयू के अंदर उठ रही बगावत से पार्टी के लिए कई सीटों पर स्थिति और कठिन हो सकती है.
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अगर यह असंतोष नहीं थमा, तो इसका सीधा असर एनडीए गठबंधन की सीटों पर पड़ेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *