बिधूड़ी के पीछे BJP शीर्ष नेतृत्व का हाथ, दानिश अली ने बृजभूषण शरण सिंह को भी लपेटा

सपा सांसद दानिश अली ने आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल मामले में भाजपा के लोकसभा सदस्य रमेश बिधूड़ी के खिलाफ ‘कार्रवाई में विलंब’ को लेकर सोमवार को सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिधूड़ी के पीछे भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का हाथ है।

विवादित टिप्पणी को संभवत: भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की स्वीकृति हासिल थी। दानिश अली ने यह दावा भी किया कि उनके खिलाफ सबूत ढूंढने का प्रयास हो रहा है ताकि एक विमर्श गढ़ा जा सके।

दानिश अली के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे बिधूड़ी ने सोमवार को सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इससे कुछ दिन पहले उनकी टिप्पणी के लिए पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इस बारे में पूछे जाने पर अली ने कहा कि यदि ये (भाजपा) कार्रवाई करने को लेकर गंभीर हैं तो उनको बुलाकर क्यों पूछा जा रहा है?

दानिश ने कहा कि हर चीज तो रिकॉर्ड पर है। क्या कोई नया विमर्श गढ़ने की साजिश करनी है? अब और क्या सबूत चाहिए? बसपा सांसद ने आरोप लगाते हुए कहा- अब तो ऐसा लग रहा है कि इसमें भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की संस्तुति थी कि आप (बिधूड़ी) ऐसा बोलिए, जिस पर मैं कुछ प्रतिक्रिया दूंगा, ताकि आप (भाजपा) मेरे और मेरे समुदाय के बारे में अलग विमर्श चला सकें।

दानिश ने यह दावा भी किया कि बिधूड़ी के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा कार्रवाई में विलंब हो रहा है। ढूंढा जा रहा है कि दानिश अली के खिलाफ शायद कोई सबूत मिल जाए। मेरी चुनौती है कि अगर कोई सबूत है तो सामने लाइए। देश के प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह की भाषा का उपयोग करना आपकी (भाजपा) मानसिकता हो सकती है, मेरे ऐसे संस्कार नहीं हैं। यह आपका संस्कार और आपका आचरण है।

दानिश अली ने कहा- देश की जनता ने भाजपा का आचरण देख लिया है। बसपा सांसद ने उत्तर प्रदेश के अमरोहा से लोकसभा सदस्य अली ने भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को भी आड़े हाथ लिया।

अली ने सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा- बृजभूषण शरण सिंह वहीं हैं ना, जिनके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में आरोप पत्र दाखिल किया है। अब वह हमें सिखाएंगे कि क्या करना है, क्या नहीं करना है। हम हमेशा वाजिब सवालों को लेकर सदन में खड़े होते हैं और बात करते हैं। दरअसल, बृजभूषण शरण सिंह ने दानिश अली पर सदन में बार बार टोका टोकी करने का आरोप लगाया था। अली ने कहा कि भाजपा सांसद को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *