Bihar Voter List Controversy: बिहार की अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि आयोग पूरी तरह भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और ‘बी टीम’ की तरह बर्ताव कर रहा है।
जयराम रमेश का आरोप
जयराम रमेश ने शनिवार (04 अक्टूबर, 2025) को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा –
“निर्वाचन आयोग ने SIR का पूरा खेल ही भाजपा के इशारे पर रचा है। अंतिम SIR में सुधार के दावे भी गलत साबित हो रहे हैं। बिहार के हर इलाके से आ रही खबरें बताती हैं कि इस प्रक्रिया का मकसद भाजपा और उसके सहयोगियों को राजनीतिक फायदा पहुंचाना है।”
उन्होंने आगे कहा कि आयोग सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को भी दरकिनार कर रहा है और “निर्लज्ज होकर भाजपा की बी टीम बन चुका है।”
गड़बड़ियों पर उठे सवाल
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि अंतिम सूची में कई चौंकाने वाली गड़बड़ियां सामने आई हैं। उन्होंने पूछा:
- “एक घर में 247 मतदाता कैसे दर्ज हो सकते हैं?”
- “एक ही व्यक्ति का नाम एक ही बूथ पर तीन-तीन जगह क्यों है?”
रमेश ने कहा कि यह बेहद गंभीर है क्योंकि कुछ विधानसभा क्षेत्रों में कटे मतदाताओं की संख्या पिछले चुनाव के जीत-हार के अंतर से भी ज्यादा है।
आयोग से की ये अपील
कांग्रेस का कहना है कि चुनाव आयोग पूरे देश का है, न कि किसी दल की कठपुतली। जयराम रमेश ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से सीधे जवाब देने की मांग की है कि आखिर इतनी गड़बड़ियां अंतिम सूची में क्यों रह गईं।