उत्तर प्रदेश में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच राजधानी लखनऊ में ‘आई लव योगी आदित्यनाथ’ और ‘आई लव बुलडोजर’ लिखे पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के महामंत्री अमित त्रिपाठी ने लगवाया है। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में एक नई बहस छिड़ गई है।
राजधानी लखनऊ में कई जगह लगाए गए पोस्टर
लखनऊ के वीवीआईपी चौराहा, समता मूलक चौराहा और जानकीपुरम समेत कई प्रमुख इलाकों में ये होर्डिंग्स लगाए गए हैं। पोस्टर में सीएम योगी आदित्यनाथ की बड़ी तस्वीर, बुलडोजर और अमित त्रिपाठी की तस्वीर शामिल है। पोस्टर पर लिखा गया है- “आई लव श्री योगी आदित्यनाथ जी” और “आई लव बुलडोजर”। यह तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं।
अमित त्रिपाठी ने दी सफाई
बीजेपी नेता अमित त्रिपाठी ने कहा, “जब से यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी है, कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है। लोग उनसे बेहद प्यार करते हैं। योगी राज में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम हो रहा है।”
बरेली में जुमे की नमाज के बाद हुआ था बवाल
दरअसल, यूपी के कई जिलों में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर लगाए जाने के बाद विवाद बढ़ा था। इसी दौरान शुक्रवार को बरेली में जुमे की नमाज के बाद बवाल हो गया। सैकड़ों लोग पोस्टर लेकर नारेबाजी करने लगे, जिसके बाद हंगामा बढ़ा और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।