UNGA 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में होने वाली स्पीच से पहले एक बड़े साइबर अटैक की साजिश का पर्दाफाश हुआ है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने न्यूयॉर्क में छापेमारी कर इस खतरे को नाकाम कर दिया।
300 सर्वर और 1 लाख सिम कार्ड जब्त
सीक्रेट सर्विस ने बताया कि मंगलवार (23 सितंबर 2025) को की गई इस कार्रवाई में 300 से ज्यादा SIM सर्वर और करीब 1 लाख सिम कार्ड जब्त किए गए। इन उपकरणों का इस्तेमाल अमेरिकी अधिकारियों को टेलीफोनिक धमकियां देने और साइबर हमले की साजिश के लिए किया जा रहा था। जांच एजेंसी के अनुसार यह नेटवर्क इतना शक्तिशाली था कि सेल फोन टावरों को ठप करने, डिनायल ऑफ सर्विस अटैक करने और एन्क्रिप्टेड संचार को अपराध सिंडिकेट्स तक पहुंचाने में सक्षम था।
The Secret Service dismantled a network of more than 300 SIM servers and 100,000 SIM cards in the New York-area that were capable of crippling telecom systems and carrying out anonymous telephonic attacks, disrupting the threat before world leaders arrived for the UN General… pic.twitter.com/sZKUeGqvGY
— U.S. Secret Service (@SecretService) September 23, 2025
UNGA बैठक स्थल से 35 मील के दायरे में साजिश का भंडाफोड़
अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि यह पूरा नेटवर्क UNGA बैठक स्थल से मात्र 35 मील की दूरी पर सक्रिय था। दुनियाभर के नेता संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क पहुंच चुके हैं, ऐसे में यह सुरक्षा के लिहाज से बड़ा खतरा साबित हो सकता था।
तत्काल एक्शन, फॉरेंसिक जांच जारी
संभावित खतरे को देखते हुए सीक्रेट सर्विस ने तुरंत कार्रवाई कर नेटवर्क को बाधित कर दिया। अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए सभी उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि इस साजिश के पीछे किस संगठन या नेटवर्क का हाथ है, इसका पता लगाया जा सके।