50 साल बाद ‘शोले’ का रीमेक? हेमा मालिनी ने कहा- बन सकता है, लेकिन…

भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी कल्ट क्लासिक फिल्मों में शामिल शोले इस साल अपने 50 साल पूरे कर रही है। 15 अगस्त 1975 को रिलीज हुई इस फिल्म ने डायलॉग, गानों और हर किरदार के दम पर दर्शकों के दिलों में अलग पहचान बनाई। अब जब बॉलीवुड में हिट फिल्मों के रीमेक का ट्रेंड है, तो सवाल उठ रहा है—क्या ‘शोले’ का भी रीमेक बनेगा? इस पर फिल्म में ‘बसंती’ का किरदार निभाने वाली हेमा मालिनी ने अपनी राय रखी है।

हेमा मालिनी का बयान

हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में हेमा मालिनी ने कहा, “शोले का रीमेक जरूर बन सकता है, क्यों नहीं बन सकता, लेकिन इसे वैसी ही सफलता मिलने की कोई गारंटी नहीं है। शोले एक विरासत है और लोगों के दिल में इसकी खास जगह है। अगर नए कलाकार कल्ट फिल्म के किरदार निभाना चाहते हैं तो अच्छी बात है, लेकिन यह जरूरी नहीं कि अगले 50 सालों तक उसका रीमेक याद रखा जाए, जैसे आज तक ‘शोले’ याद है।”

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “रामायण और महाभारत जैसे महाकाव्यों से कई फिल्में और सीरीज बनीं। बीआर चोपड़ा की रामायण सफल रही, लेकिन हर वर्जन वैसा नहीं कर सका।”

‘शोले’ की सफलता की कहानी

हेमा मालिनी ने याद किया कि फिल्म के रिलीज के समय किसी ने इसकी इतनी बड़ी सफलता की उम्मीद नहीं की थी। “शुरुआत में यह फ्लॉप हो गई थी, लेकिन बाद में ब्लॉकबस्टर बनी। आज ‘शोले’ एक ऐतिहासिक फिल्म है, और जब पीछे मुड़कर देखते हैं तो उन सभी दिग्गज कलाकारों के साथ काम करने की खूबसूरत यादें ताजा हो जाती हैं,” उन्होंने कहा।

कल्ट क्लासिक की टीम

शोले में धर्मेंद्र, अमिताभ बच्चन, जया भादुड़ी, अमजद खान, संजीव कुमार और हेमा मालिनी जैसे सितारों ने काम किया था। इसकी कहानी सलीम-जावेद ने लिखी थी और निर्देशन रमेश सिप्पी ने किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *