बिहार चुनाव के चश्मे से देखेंगे कोसी टावर? पीएम मोदी का विपक्ष पर व्यंग्य

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सांसदों के लिए बने 184 नए टाइप-7 बहुमंजिला फ्लैट्स का उद्घाटन करते हुए विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि परिसर में मौजूद चार टावरों में से एक का नाम ‘कोसी’ है, जो बिहार की एक प्रसिद्ध नदी है, लेकिन कुछ लोग इसे नदी के रूप में नहीं बल्कि “बिहार विधानसभा चुनाव के चश्मे” से देखेंगे।

प्रधानमंत्री ने बताया कि बाबा खड़क सिंह मार्ग पर बने इन फ्लैट्स के चार टावरों को देश की प्रमुख नदियों — कृष्णा, गोदावरी, कोसी और हुगली — के नाम दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “मुझे संसद में अपने सहयोगियों के लिए आवासीय परिसर का उद्घाटन करने का सौभाग्य मिला। कुछ लोगों को कोसी नाम के टावर से असहजता होगी और वे इसे चुनावी दृष्टिकोण से देखेंगे।”

सांसदों को मिलेगा बेहतर आवास

पीएम मोदी ने कहा कि इन नए आवासों के निर्माण से दिल्ली में सांसदों को रहने में आसानी होगी और वे अपने काम पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। परिसर में 180 से ज्यादा सांसद एक साथ रह सकते हैं। 2014 से अब तक करीब 350 सांसद आवास तैयार हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पहले किराए पर चल रहे मंत्रालयों के कारण सरकार को हर साल लगभग 1,500 करोड़ रुपये का खर्च उठाना पड़ता था, वहीं सांसद आवासों की कमी से भी खर्च बढ़ता था।

उद्घाटन के साथ पौधारोपण

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सिंदूर का पौधा लगाया और फ्लैटों के निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों से मुलाकात की। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, किरेन रिजिजू समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

आधुनिक और सुरक्षित परिसर

प्रत्येक फ्लैट का आकार 5,000 वर्ग फुट है, जिसमें कार्यालय और स्टाफ के लिए अलग से स्थान है। यह परियोजना भूकंपरोधी है, दिव्यांगों के अनुकूल है और जीआरआईएचए 3-स्टार रेटिंग के मानकों के अनुरूप तैयार की गई है। परिसर को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और सुरक्षा व्यवस्था भी लागू की गई है, ताकि सांसद अपने जनप्रतिनिधि कर्तव्यों को प्रभावी ढंग से निभा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *