मुंबई: रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Ramayana’ लंबे समय से सुर्खियों में बनी हुई है। ‘एनिमल’ की सफलता के बाद रणबीर कपूर ने इस माइथोलॉजिकल ड्रामा पर अपनी पूरी मेहनत लगाई है। फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभाने के लिए उन्होंने न सिर्फ अपनी बॉडी लैंग्वेज पर काम किया, बल्कि तीर कमान चलाने तक की ट्रेनिंग भी ली। अब, आखिरकार फिल्म की पहली झलक 3 जुलाई को दर्शकों के सामने पेश की जाएगी, लेकिन उससे पहले ही नितेश तिवारी ने एक खास शख्स को इसका 7 मिनट का वीडियो दिखा दिया और भविष्यवाणी कर दी कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसी चलेगी।
किसने किया ‘रामायण’ का रिव्यू?
‘रामायण’ के रिव्यू के लिए नितेश तिवारी ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट की पहली झलक ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श को दिखाई। तरण आदर्श ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर इसका रिव्यू करते हुए लिखा, “जय श्री राम… मैंने अभी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ की पहली झलक देखी और साथ में इसकी 7 मिनट की विजन शोरील भी। यह अनश्वर गाथा दर्शकों को चौंकाने वाली है। मेरी मजबूत भावना है कि ‘रामायण’ आज के दर्शकों के लिए नहीं, बल्कि आने वाली कई पीढ़ियों के लिए होगी। बॉक्स ऑफिस पर तूफान आने वाला है।”
कौन-कौन से सितारे आएंगे नजर?
‘रामायण’ की स्टारकास्ट बेहद शानदार है। रणबीर कपूर फिल्म में ‘श्रीराम’ के किरदार में नजर आएंगे, जबकि साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभाएंगी। इसके अलावा यश ‘दशानंद रावण’, सनी देओल ‘महाबली हनुमान’, रवि दुबे ‘लक्ष्मण’, अरुण गोविल ‘राजा दशरथ’, लारा दत्ता ‘कैकेयी’ और रकुल प्रीत सिंह ‘शूर्पणखा’ के रोल में दिखेंगे।
निर्देशन और रिलीज डेट
फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है, जो अपनी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। ‘रामायण’ का पहला पार्ट 2026 में दीवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा। यह फिल्म न केवल एक धार्मिक गाथा को दर्शाएगी, बल्कि इसके एंटरटेनमेंट के स्तर पर भी दर्शकों को आकर्षित करने की पूरी संभावना है।
फिल्म की झलक ने जैसे ही तरण आदर्श जैसे चर्चित ट्रेड एनालिस्ट को प्रभावित किया, यह साफ संकेत है कि ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर हिट हो सकती है और आने वाले दिनों में इस फिल्म के लिए बहुत कुछ अच्छा होने वाला है।