
आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर को होना है। भारत ने एशिया कप 2023 खिताब जरूर अपने नाम कर लिया, लेकिन वह आईसीसी टीम रैंकिंग में टॉप पोजिशन हासिल नहीं कर पाया। एशिया कप 2023 फाइनल मैच के बाद पाकिस्तान आईसीसी मेंस वनडे टीम रैंकिंग में टॉप पर बना हुआ है, जबकि भारत दूसरे पायदान पर है और ऑस्ट्रेलिया तीसरे पायदान पर है।
आईसीसी वर्ल्ड कप से पहले 22 सितंबर से इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज का रिजल्ट तय करेगा कि आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 में भारत, पाकिस्तान या ऑस्ट्रेलिया में से कौन सी टीम नंबर-1 ODI टैग के साथ पहुंचेगी। अगर ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज पर 1-2 से कब्जा कर लिया, तो पाकिस्तान नंबर-1 वनडे टीम बनकर ही वर्ल्ड कप में उतरेगी, लेकिन अगर यह सीरीज भारत ने 3-0 या 2-1 से जीत ली, तो फिर भारतीय टीम नंबर-1 वनडे टीम बनकर वर्ल्ड कप में उतरेगी।
वहीं अगर ऑस्ट्रेलिया को नंबर-1 वनडे टीम बनकर वर्ल्ड कप में उतरना है, तो उसे तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में भारत को 3-0 से हराना होगा। भारतीय टीम जिस तरह की फॉर्म में है, उसे देखते हुए लगता है कि वह वर्ल्ड कप से पहले नंबर-1 का ताज पाकिस्तान से छीन सकती है। भारत ने एशिया कप 2023 के दौरान महज एक मैच गंवाया। सुपर-4 में भारत को बांग्लादेश के खिलाफ करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन उस मैच में जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली और हार्दिक पांड्या जैसे दिग्गज खिलाड़ी नहीं खेले थे।
भारतीय टीम स्वदेश लौट चुकी है और आज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड का ऐलान होना है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को 22 सितंबर को सीरीज का पहला मैच मोहाली में, 24 सितंबर को दूसरा मैच इंदौर में जबकि 27 सितंबर को सीरीज का आखिरी मैच राजकोट में खेलना है। इसके बाद टीम इंडिया अपना पहला वर्ल्ड कप मैच 8 अक्टूबर को खेलेगी और वह भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही होगा।