
लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बने विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की समन्वय समिति की पहली बैठक बुधवार को हुई। हालांकि इस बैठक में भी सीट बंटवारे को लेकर आम सहमति नहीं बन पाई।
बैठक में आगे की रणनीति, सीटों के तालमेल, चुनाव अभियान कार्यक्रम और जनसभाओं समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार के नई दिल्ली स्थित आवास पर यह बैठक हुई।
एंकर के कार्यक्रमों के बहिष्कार पर भी सहमति
विपक्षी गठबंधन ने कुछ समाचार चैनल के एंकर के कार्यक्रमों के बहिष्कार पर भी सहमति जताई है और इस बारे में ‘इंडिया’ का मीडिया से संबंधित कार्य समूह फैसला करेगा कि किन-किन एंकर के कार्यक्रम में विपक्षी गठबंधन के घटक दलों के प्रतिनिधि शामिल नहीं होंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव ने कहा, ‘‘मीडिया से संबंधित उप समूह को अधिकृत किया है कि वह फैसला करे कि किन टेलीविजन एंकर के कार्यक्रमों में ‘इंडिया’ के घटक दलों के प्रतिनिधियों को नहीं भेजना है।’’
बैठक में कौन-कौन हुआ शामिल?
बैठक में शरद पवार के अलावा, कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल, द्रमुक के टी आर बालू, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव, जनता दल (यूनाइटेड) के संजय झा, आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा, शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की महबूबा मुफ्ती, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के डी. राजा, और समाजवादी पार्टी के जावेद अली खान शामिल हुए। कांग्रेस नेता गुरदीप सप्पल भी इस बैठक में मौजूद रहे।
के.सी. वेणुगोपाल ने विपक्षी गठबंधन की समन्वय समिति की बैठक के बाद कहा कि इंडिया’ गठबंधन अक्टूबर के पहले सप्ताह में भोपाल से संयुक्त जनसभाएं शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल दल सीट बंटवारे पर बातचीत करेंगे और इस पर जल्द से जल्द फैसला करेंगे। वेणुगोपाल ने कहा कि इंडिया गठबंधन “जाति जनगणना के मुद्दे को उठाने के लिए सहमत हो गया है। उन्होंने कहा कि समिति “सीट-बंटवारे के निर्धारण की प्रक्रिया भी शुरू करेगी”।
“सीटों को लेकर सदस्य दल बातचीत करेंगे”
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, “कमेटी ने देश के अलग-अलग हिस्सों में संयुक्त सार्वजनिक रैली करने का फैसला किया है। पहली संयुक्त सार्वजनिक रैली अक्टूबर के पहले सप्ताह में महंगाई, बेरोजगारी और भाजपा सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के मु्द्दे पर भोपाल में होगी…समन्वय समिति ने सीटों का बंटवारा तय करने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है। यह निर्णय लिया गया कि सदस्य दल बातचीत करेंगे और जल्द से जल्द निर्णय लेंगे।”
अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का मुकाबला करने के लिए दो दर्जन से अधिक विपक्षी दलों ने ‘इंडिया’ का गठन किया है। ‘इंडिया’ के घटक दलों के नेताओं की पिछले दिनों मुंबई में हुई बैठक में गठबंधन के भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए 14 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया गया था।
बैठक के बाद किस नेता ने क्या कहा?
बुधवार की बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के नेता जावेद अली खान ने कहा, “सीटों के बंटवारे को जल्द अंजाम दिया जाएगा। भोपाल में अक्टूबर के पहले सप्ताह में एक बड़ी रैली की जाएगी। जातीय जनगणना के मुद्दे को सभी मौजूद सदस्यों ने जोर-शोर से उठाने की बात कही है।” वहीं बैठक के बाद PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि मध्य प्रदेश में बड़े-बड़े घपले हुए हैं, बेरोजगारी, महंगाई के मुद्दें पर चर्चा हुई है।
INDIA गठबंधन समन्वय समिति की बैठक के बाद जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा, “मैंने यह बात रखी है कि INDIA गठबंधन के दलों के पास जो सीट(लोकसभा) पहले से ही हैं, उन पर चर्चा नहीं की जानी चाहिए जब तक जिस पार्टी के पास सीट है, वह उसे छोड़ना न चाहे। भाजपा, NDA और गठबंधन के बाहर के दलों के पास जो (लोकसभा) सीटें हैं, उनके बंटवारे पर चर्चा करनी चाहिए।”
इसके अलावा, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “आज बैठक में जो भी चर्चा हुई उसे केसी वेणूगोपाल ने आपके सामने रखा है। सारे घटनाक्रम पर नज़र रखते हुए INDIA अलायंस अपनी रणनीति पर काम कर रही है।” AAP पार्टी सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि जल्द से जल्द तमाम पार्टियां सीट शेयरिंग करने पर फैसला लेंगी। अक्टूबर के पहले हफ्ते में भोपाल में संयुक्त पब्लिक रैली की जाएगी। कास्ट सेंस को उठाया जाएगा।