
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले पांच दिनों तक विदेश दौरे पर थे. इस दौरान उन्होंने तीन प्रमुख देशों की यात्रा की और कुल 31 द्विपक्षीय बैठकों में शिरकत की और ग्लोबल लीडर्स से साथ अनौपचारिक बातचीत में हिस्सा लिया. पीएम मोदी ने नाइजीरिया में एक द्विपक्षीय बैठक की, ब्राजील में G20 शिखर सम्मेलन के मौके पर 10 द्विपक्षीय बैठकें कीं. इसके बाद गुयाना यात्रा के दौरान उन्होंने 9 द्विपक्षीय बैठकें कीं.पीएम मोदी ने नाइजीरिया में वहां के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक की. जबकि ब्राजील में पीएम मोदी ने ब्राजील, इंडोनेशिया, पुर्तगाल, इटली, नॉर्वे, फ्रांस, यूके, चिली, अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं.
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति से अहम मुलाकात
ब्राजील में 10 द्विपक्षीय बैठकों में से 5 नेताओं के साथ पीएम मोदी की यह पहली बैठक थी. ये नेता हैं- इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो; लुइस मोंटेनेग्रो, पुर्तगाल के प्रधानमंत्री; कीर स्टार्मर, यू.के. के प्रधानमंत्री; चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली.
सिंगापुर, द. कोरिया, अमेरिका के नेताओं से वार्ता
ब्राजील में प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, मिस्र, अमेरिका और स्पेन के जिन नेताओं और उर्सुला वॉन डेर लेयेन, यूरोपीय संघ जैसे विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों और अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बातचीत और बैठकें कीं उनमें हैं- एंटोनियो गुटेरेस, संयुक्त राष्ट्र; न्गोज़ी ओकोन्जो-इवेला, विश्व व्यापार संगठन; टेड्रोस एडनोम घेब्रेयेसस, विश्व स्वास्थ्य संगठन; और क्रिस्टालिना जॉर्जीवा और गीता गोपीनाथ, आईएमएफ.इसी के साथ पीएम मोदी ने गुयाना में गुयाना, डोमिनिका, बहामास, त्रिनिदाद और टोबैगो, सूरीनाम, बारबाडोस, एंटीगुआ और बारबुडा, ग्रेनेडा और सेंट लूसिया के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं.