
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी कारोबारी नेता और असाधारण इंसान बताया। मोदी ने एक्स पर कहा, “श्री रतन टाटा जी का सबसे अनूठा पहलू बड़े सपने देखना और दूसरों को कुछ देने के प्रति उनका जुनून था। वह शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, पशु कल्याण जैसे मुद्दों को आगे बढ़ाने में सबसे आगे रहे थे।”केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रतन टाटा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें देश का महान सपूत बताया। गडकरी ने एक्स पर लिखा, “रतन टाटा के साथ मेरे तीन दशकों से घनिष्ठ पारिवारिक संबंध थे।”नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने भी रतन टाटा के निधन पर गहरा शोक जताया।अरबपति हर्ष गोयनका ने भी टाटा के निधन पर दुख जताया और एक्स पर एक पोस्ट में उन्हें ‘टाइटन’ (अत्यंत महत्वपूर्ण व्यक्ति) करार दिया। रतन टाटा ने सोमवार को कहा था कि उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है और वह उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच करा रहे हैं। उन्होंने कहा था, “मैं उम्र संबंधी बीमारियों के कारण अभी चिकित्सकीय जांच करा रहा हूं। चिंता की कोई बात नहीं है। मैं ठीक हूं।”