एनकाउंटर में कभी पुलिस को क्यों गोली नहीं लगती? विधानसभा में नेता विपक्ष माता प्रसाद का सवाल

विधानसभा में नेता विपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि सर्वाधिक फर्जी एनकाउंटर मुस्लिम, ब्राह्मण और यादवों का किया गया है। आमने सामने एनकाउंटर में गोलियां चलती हैं लेकिन आश्चर्य है कि पुलिस को गोली नहीं लगती है।सामने वाले के पैर में गोली लगती है। इससे साफ है कि पुलिस आरोपी को पकड़कर लाकर पैर में गोली मारती है। यह अनैतिक और गैरकानूनी है। सपा सरकार आने पर इन एनकाउंटरों की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई कराई जाएगी। धर्म के नाम पर अत्याचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। वह सोमवार को जाजमऊ में सीसामऊ के निवर्तमान विधायक इरफान सोलंकी के परिजनों से मिलने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। कानपुर पहुंचते ही सपाइयों ने जाजमऊ गंगा पुल पर उनका स्वागत किया।

इरफान के परिवार का हो रहा उत्पीड़न

माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि इरफान सोलंकी और उनके परिवार का उत्पीड़न हो रहा है। इरफान के साथ जेल में भी ज्यादतियां की जा रही हैं। इसके बाद उन्होंने इरफान की पत्नी नसीम सोलंकी, मां खुर्शीदा सोलंकी समेत परिजनों से मुलाकात की। उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने सीसामऊ में उपचुनाव में सपा के प्रत्याशी को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि जब राष्ट्रीय अध्यक्ष तय कर चुके हैं तो सवाल ही नहीं बनता है। इस दौरान उनके साथ सपा के नगर अध्यक्ष फजल महमूद, ग्रामीण अध्यक्ष मुनींद्र शुक्ला, विधायक अमिताभ बाजपेई, मोहम्मद हसन रूमी, मोईन खान, सरताज अनवर, शैलेंद्र यादव मिंटू, बंटी सेंगर, उज्मा सोलंकी मौजूद रहीं।

राजीव शुक्ला की मां को दी श्रद्धांजिल

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की मां के निधन पर दर्शनपुरवा स्थित उनके निवास पर माता प्रसाद पांडेय पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। राजीव शुक्ला के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। ज्योतिषविद पंडित केए दुबे पद्मेश के पुत्र के निधन पर भी उनके रतनलाल नगर स्थित आवास पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इसके बाद वह सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के काकादेव स्थित आवास पर गए। विधायक की पत्नी पूर्व मेयर प्रत्याशी वंदना बाजपेई, पिता केसी बाजपेई, मां डॉ. ऊषा बाजपेई और पुत्र शिखर बाजपाई से मुलाकात की।

जहां मेरी जरूरत हो, बता देना

माता प्रसाद पांडेय ने इरफान सोलंकी के आवास पर समाजवादी पार्टी के नेताओं से मुलाकात की और सीसामऊ चुनाव की तैयारियों के बारे में पूछा। फजल महमूद से कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का फोकस बूथ स्तर को मजबूती पर है, इस पर जरूर ध्यान दें। इरफान की पत्नी से कहा कि सभा से लेकर नुक्कड़ सभाओं में जहां भी उनकी जरूरत पड़े, उन्हें बुला लेना। ब्राह्मण समाज सपा के साथ है और वह चुनाव में समाज के बीच जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह सीट हर हाल में जीतनी है। सत्ता का दुरुपयोग कराने वालों पर पैनी नजर रखनी होगी। प्रदेश सचिव केके शुक्ला, ओमप्रकाश मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिन्टू, महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, नीरज सिंह, सर्वेश यादव, वरुण यादव, सुभाष द्विवेदी, वरुण जायसवाल, कुतुबुद्दीन मंसूरी, अर्पित त्रिवेदी, आसिफ कादरी, फखर इकबाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *