आजम को किनारे लगाना चाहते थे अखिलेश, सपा प्रमुख पर राजभर का बड़ा आरोप, कई और दावे किए

योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, आजम खां की बुरी हालत के लिए सपा जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मुखिया अखिलेश यादव चाहते थे कि आजम खां को किनारे लगा दिया जाए।राजभर ने इसके अलावा कई और बड़े दावे किए।

शुक्रवार को रामपुर पहुंचे कैबिनेट मंत्री राजभर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि सपा ने कभी भी आजम खां को डिप्टी सीएम नहीं बनाया। सपा ने उनका इस्तेमाल किया और उनकी कौम का वोट लिया पर हिस्सेदारी नहीं दी। समाजवादी पार्टी ने कानून के दायरे में काम किया होता तो आज आजम खां जेल में नहीं होते। कहा कि अखिलेश यादव ने आजम खां के साथ सौ फीसदी पक्षपात किया।

बताया कि वह जब सीतापुर जेल में आजम खां से मिलने जा रहे थे तो अखिलेश ने उन्हें इसके लिए मना किया। यह कि भी कहा कि वहां मत जाइए। हम उन्हें किनारे लगा रहे हैं और आप उनको बढ़ाने जा रहे हैं। आजम खां की जो स्थिति है उसके लिए समाजवादी पार्टी जिम्मेदार है। एक समय में आजम खां राजा जैसे थे। उनकी तूती बोलती थी लेकिन अब बेचारे जेल में हैं। अब उनका जलवा नहीं रहा।

राजभर ने कहा कि राहुल गांधी घूम-घूमकर कुछ भी बोल रहे हैं। अखिलेश यादव की ओर इशारे करते हुए कहा कि उनके लोग तो दिनदहाड़े डकैती डाल रहे हैं। अखिलेश जातिवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। एनकाउंटर में मरने वालों की संख्या जातिवार बताते हुए कहा कि मंगेश यादव को ही लेकर इतनी चर्चा क्यों। अखिलेश का ऐसे लोगों से क्या संबंध है सोचकर ताज्जुब होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *