
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है. लोकसभा चुनाव में बड़ी सफलता हासिल करने के बाद कांग्रेस अब महाराष्ट्र में बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है. कांग्रेस ने राज्य में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव के लिए मेगा प्लान तैयार किया है.
इस योजना के मुताबिक कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी विधानसभा चुनाव में महाराष्ट्र में डेरा डालेंगे. शनिवार को महाराष्ट्र में प्रदेश कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई. इस बैठक में चुनाव प्रचार की रणनीति बनाई गई है.
दोनों नेता सबसे ज्यादा फोकस महाराष्ट्र पर रखेंगे और राज्य में सबसे ज्यादा सभाएं करेंगे. इसके अलावा सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी महाराष्ट्र पर फोकस करने वाले हैं.
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महाराष्ट्र पर खास ध्यान देने वाले हैं. महाराष्ट्र में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की 15 से 20 सभाएं होने के आसार हैं. इसके साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं की भी सभाएं होंगी.
प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने की बैठक
इस बीच, कांग्रेस नेता और राज्य के नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने कांग्रेस की शनिवार की बैठक के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि उनकीवरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हुई. उनसे राज्य के हालात पर चर्चा की और सारी जानकारी दी. मोर्चे को लेकर वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा हुई है. अब जिला बैठक 23 सितंबर को चंद्रपुर में होगी. विजय वडेट्टीवार ने बताया कि इस बैठक में हम जिलेवार समीक्षा करेंगे.
उन्होंने चंद्रपुर में हुए विवाद पर भी टिप्पणी की. इस विवाद पर कोई चर्चा नहीं हुई. ये विवाद महज़ एक गलतफहमी है. इस गलतफहमी को दूर कर लिया गया है.
कांग्रेस ने चुनाव को लेकर बनाई रणनीति
इस बीच, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा महाराष्ट्र के दौरे पर हैं. उन्होंने इस पर टिप्पणी भी की. सर्वे कहता है कि बीजेपी 55 से 60 के पार नहीं जाएगी. बीजेपी की महायुति की सरकार महाराष्ट्र को लूट रही है. ये भाजपा के लोग हैं, जो छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति बनाने में भी कमीशन खाते हैं. 32 करोड़ कौन खा गया? इसकी जांच कर पता लगाने की जरूरत है. यह कमीशनखोरों, डाकुओं, लुटेरों की सरकार है. उन्होंने आलोचना करते हुए कहा कि इस राज्य पर लुटेरों का गिरोह बैठा हुआ है.
बता दें कि महाराष्ट्र में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गयी है. एक ओर बीजेपी के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहा है तो दूसरी ओर, कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना के गठबंधन महाविकास अघाड़ी में भी सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है.