घोसी में सपा की बड़ी जीत, सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को हराया

इंडिया और एनडीए की पहली लड़ाई कही जाने वाली घोसी विधानसभा की सीट सपा ने जीत ली है। सपा के सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को बड़े अंतर से हरा दिया है। सुधाकर सिंह को 42 हजार 759 वोटों से जीत मिली है।

यहां सपा पहले ही राउंड से बढ़त बनाए हुए थी। कहा जा रहा है कि सपा की यह जीत न सिर्फ भाजपा बल्कि उसके सहयोगी दलों सुभासपा के ओपी राजभर, अपना दल के अनुप्रिया पटले और आशीष पटेल, निषाद पार्टी से संजय निषाद के लिए भी बड़ा झटका मानी जा रही है। सपा के सुधाकर सिंह को 1 लाख 24 हजार 427 वोट मिले। भाजपा के दारा सिंह को 81 हजार 668 वोट ही मिल सके हैं। तीसरे नंबर पर पीस पार्टी के सनाउल्लाह रहे। उन्हें 2570 वोट मिले। चौथे पर जनअधिकार पार्टी के के अफरोज आलम और पांचवे पर 1725 वोट पाकर नोटा रहा।

भाजपा ने इस सीट को जीतने के लिए मंत्रियों की फौज उतार दी थी। करीब दो दर्जन मंत्री लगातार यहां कैंप कर रहे थे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद और ब्रजेश पाठक ने भी कई दिनों तक प्रचार किया था। ओपी राजभर, आशीष पटेल, संजय निषाद ने भी अपनी जाति के वोटरों को लुभाने के लिए लगातार दौरे कर रहे थे।

किसको कितने वोट मिले
सुधाकर सिंह समाजवादी पार्टी 124427
दारा सिंह चौहान भाजाप 81668
सनाउल्लाह पीस पार्टी 2570
अफरोज जन अधिकार पार्टी 2100
नोटा 1725
विनय निर्दल 1406
प्रवीन प्रताप सिंह निर्दल 1223
रमेश पांडेय निर्दल 839
मुन्ना लाल चौहान जनता क्रांति पार्टी 606
सुनील चौहान जन राज्य पार्टी 541
राजकुमार सिंह आम जनता पार्टी 466

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र में 50 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मंगलवार (पांच सितंबर) को उपचुनाव के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, जो विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के गठन के बाद राज्य में पहला चुनावी मुकाबला था।

पिछले साल के विधानसभा चुनाव में घोसी में 58.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, पांच सितंबर को हुए विधानसभा उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 50.77 दर्ज किया गया था। सपा के टिकट पर 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में यह सीट जीतने वाले दारा सिंह चौहान के जुलाई में इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।

सपा से इस्तीफा देकर चौहान फिर भाजपा में लौट आए थे। भाजपा ने उन्हें उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया, लेकिन सपा ने उनके मुकाबले सुधाकर सिंह को मैदान में उतारा। साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में चौहान ने भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार राजभर को 22,216 मतों के अंतर से हराया था।

इस उपचुनाव में चौहान को राजग के सहयोगियों… अपना दल (सोनेलाल), निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) पार्टी और पूर्व सपा सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का समर्थन मिला है। दूसरी ओर सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों – कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), राष्ट्रीय लोक दल (रालोद), आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (भाकपा-माले)-लिबरेशन और सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का समर्थन मिला है।

हालांकि उपचुनाव के नतीजे का भाजपा सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा, जिसे 403 सदस्यीय राज्य विधानसभा में अच्छा बहुमत हासिल है। इसका परिणाम 2024 के लोकसभा चुनाव के लिहाज से एक संकेत हो सकता है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीट हैं। इस उपचुनाव में कुल 10 उम्मीदवार मैदान में थे। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उपचुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *