
02:46 PM: सीबीआई आरजी कल मेडिकल कॉलेज के पूर्व अधिकारी अख्तर अली के आरोपों की भी जांच करेगी। अख्तर अली ने संदीप घोष पर वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए थे।
01:57 PM: कोलकाता मामले के आरोपी संजय रॉय की रिमांड सीबीआई को मिल गई है।
पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद आज आरोपी संजय रॉय को अदालत में पेश किया गया। जहां से अदालत ने आरोपी की रिमांड सीबीआई को सौंप दी। अदालत ने सीबीआई को संजय रॉय की 14 दिन की रिमांड दी है।01:49 PM: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले में आरोपी संजय राय को आज अदालत में पेश किया गया। इस दौरान अदालत में जमकर हंगामा हुआ क्योंकि वकील संजय रॉय का विरोध कर रहे थे। वकीलों में आरोपी के खिलाफ भारी गुस्सा है।
01:47 PM: कोलकाता की घटना को लेकर भाजपा समर्थकों ने शुक्रवार को नंदीग्राम पुलिस स्टेशन में हंगामा किया। भाजपा समर्थकों ने थाना घेराव कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस दौरान भाजपा समर्थक पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। भाजपा के 100 से ज्यादा समर्थकों ने पुलिस स्टेशन में बैरिकेड तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं भी शामिल थीं। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी भी की।
01:24 PM: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में ब्रिटेन में विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान भारतीय छात्रों, विभिन्न संस्थाओं और प्रवासी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। महिला संगठनों ने गुरुवार को लंदन के पार्लियामेंट स्क्वायर और ब्रिटेन के कई अन्य शहरों में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर शांति मार्च आयोजित किया। वहीं स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया – यूनाइटेड किंगडम (एसएफआई-यूके) ने बुधवार को लिवरपूल शहर में एक मार्च का आयोजन किया।01:06 PM: आरजी कर कॉलेज एवं अस्पताल में डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी संजय रॉय को कोलकाता स्थित CBI कार्यालय से सियालदह कोर्ट ले जाया गया। आज उसकी पुलिस हिरासत खत्म हो रही है।12:06 PM: भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कोलकाता मामले पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों पर कहा कि ‘आज ममता बनर्जी के मगरमच्छी आंसुओं का कोई मतलब नहीं है क्योंकि उनके कामों में सिर्फ क्रूरता भरी हुई है। क्यों उनकी सरकार ने संदीप घोष को एक बार फिर OSD (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) बनाकर पुरस्कृत किया है? पहले तो उन्हें 4 घंटे में बहाल कर दिया गया। उन पर कार्रवाई करने की बजाय उन्हें स्पेशल पोस्टिंग दे दी गई। हमने यह भी देखा है कि कैसे बंगाल सरकार के वकील कपिल सिब्बल कोर्ट में हंस रहे थे और वकीलों और जजों को उनसे कहना पड़ा कि यह हंसने वाली बात नहीं है। कल सुप्रीम कोर्ट ने FIR में देरी के लिए ममता बनर्जी सरकार को फटकार लगाई। उसने कहा कि 30 साल में ऐसी विसंगतियां कभी नहीं देखीं।’12:04 PM: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दुष्कर्म-हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, ‘डॉक्टरों के मन में एक असुरक्षा और भय का माहौल है। उसको दूर करना हमारी जिम्मेदारी है, हम राजनीति में हो, अदालतों में हो, या मीडिया में हो, हमारी जिम्मेदारी बनती है कि लोगों के मन में जो भय हो वो दूर होनी चाहिए।’10:44 AM: आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. संदीप घोष से सीबीआई आज फिर पूछताछ करेगी। संदीप घोष सुबह कोलकाता स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंचे। सीबीआई की संदीप घोष से पूछताछ का आज आठवां दिन10:39 AM: पश्चिम बंगाल जूनियर डॉक्टर फोरम ने कहा है कि ‘शुक्रवार को हमारा एक प्रतिनिधिमंडल सीबीआई कार्यालय जाएगा। जहां हम सीबीआई अधिकारियों को अपनी कुछ चिंताओं से अवगत कराएंगे और जांच के बारे में जानेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने अपराध वाले दिन को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि प्रशासन ने जिस तरह काम किया, वैसा उन्होंने अपने 30 साल के करियर में कभी नहीं देखा है।’
10:07 AM: आरजी कर मेडिकल कॉलेज में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सीआईएसएफ के जवान तैनात कर दिए गए हैं। अब मेडिकल कॉलेज में जगह-जगह सीआईएसएफ जवान दिखाई दे रहे हैं।
08:09 AM: दो सप्ताह में अपने रुख की समीक्षा करेंगे: फोर्डा
उच्चतम न्यायालय द्वारा अपील किए जाने के बाद, फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (एफओआरडीए) ने कोलकाता में एक प्रशिक्षु चिकित्सक से कथित तौर पर दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या की घटना के विरोध में जारी अपनी हड़ताल को अस्थायी रूप से स्थगित दिया, लेकिन कहा कि वह दो सप्ताह में अपने रुख की समीक्षा करेगा। एफओआरडीए ने इस बात पर जोर दिया कि हड़ताल को सिर्फ स्थगित किया गया है, समाप्त नहीं किया है और वे आर जी कर मेडिकल कॉलेज में अपने सहकर्मियों की मांगों से संबंधित रुख पर नजर रहे हैं और दो सप्ताह में अपने रुख की समीक्षा करेंगे।
05:56 AM:
आरडीए-यूडीएफए के बाद फेमा ने भी वापस ली हड़ताल
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने भी सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद बृहस्पतिवार को हड़ताल वापस ले ली। एक वीडियो संदेश में फेमा अध्यक्ष डॉ. रोहन कृष्णन ने कहा कि विरोध जारी रहेगा, लेकिन एक अलग रूप में। उन्होंने कहा कि पहले एक अखिल भारतीय बैठक आयोजित की गई थी और सभी रेजिडेंट डॉक्टरों से काम पर लौटने का अनुरोध किया गया था। बैठक में हमने ओपीडी, आपातकालीन और वैकल्पिक सेवाओं को फिर से शुरू करने का फैसला किया है। इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट की अपील के बाद इंदिरा गांधी अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने आधिकारिक तौर पर अपनी 11 दिन की हड़ताल वापस ले ली थी। वहीं, यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट एसोसिएशन (यूडीएफए) ने भी कोलकाता में एक प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के विरोध में राष्ट्रव्यापी हड़ताल स्थगित कर दी।
03:52 AM:
दिल्ली के अस्पतालों में आज से ओपीडी सुविधाएं सामान्य
एम्स, सफदरजंग, डॉ. राम मनोहर लोहिया, लेडी हार्डिंग, जीटीबी, डीडीयू, इंदिरा गांधी, बाबा साहेब अंबेडकर, लोकनायक सहित दिल्ली के सभी अस्पतालों में आज यानी शुक्रवार से ओपीडी सुविधा पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में हुई डॉक्टर की हत्या के विरोध में 11 दिनों से हड़ताल कर रहे रेजिडेंट डॉक्टर सुप्रीम कोर्ट के आश्वासन के बाद बृहस्पतिवार देर शाम को काम पर लौट आए।
03:19 AM:
रांची में भी डॉक्टर ने समाप्त किया आंदोलन
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले में रांची में सरकारी राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) के जूनियर डॉक्टरों ने भी बृहस्पतिवार शाम को अपने ‘पेन डाउन’ आंदोलन को वापस लेने का फैसला किया। रिम्स के जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जेडीए) के अध्यक्ष अंकित कुमार ने बताया, ‘सुप्रीम कोर्ट की अपील और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक के बाद हम अपना काम फिर से शुरू कर रहे हैं और अपना ‘पेन डाउन आंदोलन’ वापस ले रहे हैं।’ जूनियर डॉक्टर 13 अगस्त से बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) और वैकल्पिक सर्जरी में काम का बहिष्कार करते हुए हड़ताल पर हैं।
02:32 AM:
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले में फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) ने 11 दिनों बाद अपनी हड़ताल स्थगित कर दी है। सुप्रीम कोर्ट की अपील के बाद फोर्डा ने हड़ताल अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला किया। हालाकि, एसोसिएशन ने कहा है कि वह दो सप्ताह में अपनी स्थिति की समीक्षा करेगी। इससे पहले दिन में, देश भर के प्रदर्शनकारी डॉक्टरों से एक भावपूर्ण अपील करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनकारी डॉक्टरों को काम पर वापस आने के लिए कहा। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ‘न्याय और चिकित्सा’ को रोका नहीं जा सकता है। इसके अलावा, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वह सभी आवश्यक निर्देश जारी कर रही है। कोर्ट ने उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया।