
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार पीडीए से घबरा गई है। एनडीए सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। गरीब जनता की सुनवाई नहीं हो रही है। दावा किया कि प्रदेश में होने जा रहे उपचुनाव में इंडिया गठबंधन सभी 10 सीटें जीतेगी।
पूर्व मंख्यमंत्री शनिवार को लालगंज में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कोलकाता में डॉक्टर के रेप और मर्डर मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बचाव करते हुए कहा कि वह खुद महिला हैं।
महिला का दुख-दर्द समझती हैं। सीबीआई या जिस भी एजेंसी से जांच करवाने का मामला था, उन्होंने करवाया है। बीजेपी पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा इस मामले में राजनीति कर रही है। घटना को लेकर डॉक्टर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन भाजपा राजनीति कर रही है। उन्होंने यूपी में हुईं घटनाओं से जोड़ते हुए कहा कि सोनभद्र में बेटी के साथ जो हुआ, लखनऊ में दलित महिला ने सीएम कार्यालय में आत्मदाह कर लिया। इस पर भाजपा के लोग नहीं बोल रहे। पत्रकार अगर आवाज उठाता है तो उस पर मुकदमा दर्ज करा दिया जाता है। जेल भेज दिया जाता है।
शिक्षक भर्ती मामले में बच्चों कैसे मिलेगा न्याय
सपा मुखिया ने 69 हजार शिक्षक भर्ती के मामले में कोर्ट के फैसले के संदर्भ में कहा कि अब सरकार पीड़ित बच्चों की सुधि लेगी। बच्चों को न्याय मिलेगा। सरकार ने जो भेदभाव किया था उसमें सुधार किया जाएगा। इससे पूर्व इतना बड़ा आंदोलन उन्होंने कभी नहीं देखा था। चाहे त्योहार हो या आम दिन पीड़ित बच्चे लगातार आंदोलन करते रहे। अलग-अलग प्रतिनिधिमंडल बनाकर लोगों से मिले। यहां तक कि वे खुद उनसे मिले। अब जाकर उन्हें न्याय मिला है।
लखनऊ से ज्यादा होगा आजमगढ़ का विकास
पूर्व सीएम ने कहा कि आने वाले दिनों में लखनऊ से ज्यादा आजमगढ़ का विकास होगा। सड़क, बिजली, पानी और मेडिकल की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। जो मेडिकल कॉलेज यहां बना है, उसमें सुविधा बढ़ाई जाएगी। वर्तमान सरकार स्वास्थ्य पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। प्रदेश के कई अस्पताल तो अब खंडहर हो रहे हैं। वहां पर डॉक्टर ही नहीं पहुंच पा रहे। अस्पतालों में दवाओं का अभाव है। स्वास्थ्य पर भाजपा सरकार बजट नहीं खर्च कर रही है। जबकि सपा सरकार में आजमगढ़, चंदौली, गाजीपुर समेत पूरे प्रदेश में 100 शैय्या अस्पताल से लेकर मेडिकल कॉलेज खोले गए।
बुनकरों और किसानों को विशेष पैकेज देंगे
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश सरकार वन जिला वन प्रोडेक्ट का राग अलाप रही है, लेकिन किसी जिले के उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए बजट नहीं दिया। सपा की सरकार बनेगी तो बुनकरों के साथ किसानों को विशेष पैकेज दिया जाएगा। लोकसभा चुनाव में पूर्वांचल में इंडिया गठबंधन को मिली सफलता पर कहा कि सदन में जनता की आवाज उठाई जा रही है।