आरजेडी MLC सुनील सिंह की विधान परिषद सदस्यता कल छिनेगी? नीतीश की मिमिक्री का आरोप सही निकला

राष्ट्रीय जनता दल के चर्चित विधान पार्षद और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई सुनील कुमार सिंह की बिहार विधान परिषद की सदस्यता शुक्रवार को छिन सकती है। सुनील सिंह पर विधान परिषद के पिछले सत्र में सीएम नीतीश कुमार की मिमिक्री करने का आरोप लगा था जिसकी जांच विधान परिषद की आचार समिति को सौंपी गई थी।

आचार समिति के अध्यक्ष की ओर से विधान परिषद में प्रतिवेदन रिपोर्ट पेश कर दिया गया है। सुनील सिंह पर जो आरोप लगे थे, उसे कमेटी जांच में सही पाया है। विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह इस पर शुक्रवार को फैसला सुनाएंगे। मंगलवार को ही अवधेश नारायण सिंह विधान परिषद के चेयरमैन चुने गए हैं।

सहकारी संगठन बिस्कोमान के अध्यक्ष सुनील सिंह राजद और जदयू की महागठबंधन सरकार के दौरान भी नीतीश कुमार पर निशानों में हमला बोलते रहते थे। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के साथ पिछले साल फोटो डालने के बाद सुनील सिंह को एक बैठक में नीतीश ने डांटा था तो वो तनकर खड़े हो गए थे कि शाह से उनका मिलना सामान्य शिष्टाचार है। सुनील ने महागठबंधन सरकार के दौरान शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर और अपर मुख्य सचिव केके पाठक के विवाद में भी सरकार के लिए असहज करने वाले बयान दिए थे।

सुनील सिंह लगातार अपने सोशल मीडिया पोस्ट और मीडिया में बयान से चर्चा में रहते हैं। उनके बयान कई बार उनकी पार्टी के लिए भी मुश्किलें पैदा करते हैं। 2022 में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सुनील सिंह के घर और दूसरे ठिकानों पर रेड मारा था। कहा गया था कि यह छापा लालू यादव के परिवार पर रेलवे में नौकरी के बदले जमीन लिखवाने को लेकर चल रहे मामलों की जांच से जुड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *