पुंछ में सेना और आतंकवादियों के बीच भारी गोलीबारी, जवान शहीद; LoC पर घुसपैठ नाकाम

म्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार तड़के नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।जम्मू स्थित सेना के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने कहा, “अलर्ट सैनिकों ने सुबह 3 बजे बट्टल सेक्टर में ताबड़तोड़ गोलीबारी के साथ घुसपैठ कर रहे आतंकवादियों को प्रभावी ढंग से घेरकर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।” बर्तवाल ने बताया कि कृष्णा घाटी इलाके में भारी गोलीबारी के दौरान एक जवान घायल हो गया।

घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस बीच, बार्तवाल ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है। ‘व्हाइट नाइट कॉर्प्स’ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सतर्क सैनिकों ने तड़के तीन बजे बट्टल सेक्टर में घुसपैठ की फिराक में जुटे आतंकवादियों की गोलीबारी का माकूल जवाब देकर घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी।” बल ने कहा, “दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी के दौरान एक सैनिक घायल हो गया। इलाके में अभियान जारी है।”

सूत्रों के मुताबिक, हथियारों से लैस आतंकवादियों के एक समूह ने कृष्णाघाटी बेल्ट के बट्टल सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश की, लेकिन सतर्क सैनिकों ने उनकी गतिविधियों को भांप लिया और त्वरित कार्रवाई की। सूत्रों ने बताया कि जबरदस्त गोलीबारी के बीच सैनिकों ने आतंकवादियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया, लेकिन घटना में एक सैनिक घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, गोलीबारी में आतंकवादियों को भी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *