हाथरस भगदड़: सत्संग के बाद एटा से लेकर अलीगढ़ तक बिछी लाशें, बढ़ता जा रहा मौत का आंकड़ा

त्संग के बाद भगदड़ और फिर एक के बाद एक बिछने लगीं लाशें। ये नजारा यूपी के हाथरस का था। यहां मंगलवार को भोले बाबा सत्संग का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में लाखों की संख्या में आसपास जिलों से अनुयायी यहां पहुंचे थे।लेकिन किसी को ये नहीं पता था कि कुछ समय बाद ही यहां एक ऐसा हादसा होने वाला है जो एक-दो नहीं कइयों के घरों में कोहराम मचा देगा। भोले बाबा ने जैसे ही अपना प्रवचन खत्म किया तो गर्मी के चलते लोगों ने जल्दी निकलना शुरू किया। इसको लेकर वहां भगदड़ मच गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो गई। एक के बाद एक लाशें पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मौतों का आंकड़ा बढ़ता चला गया।

सत्संग वाली जगह से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक लाशों की ढेर लग गए। शवों की संख्या इतनी हो गई कि गिनना मुश्किल हो गया। हाथरस से लेकर अलीगढ़ और एटा पोस्टमार्टम हाउस तक करीब 107 शवों को ले जाया गया। अब सवाल ये है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भोले बाबा कहां गायब हो गया? हालांकि पुलिस भोले बाबा की तलाश में दबिश दे रही है। अलीगढ़ से लेकर हाथरस पुलिस भी बाबा की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है, लेकिन बाबा का कहीं कुछ पता नहीं चल पाया है। इसके अलावा भोले बाबा के सत्संग कार्यक्रम के जो आयोजक थे वह भी लापता हैं। किसी का कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है।

हाथरस दुर्घटना की जांच के आदेश, मृतकों को दो-दो लाख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को हाथरस में हुई दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए अपनी कैबिनेट के दो मंत्रियों चौ. लक्ष्मी नारायण और संदीप सिंह के साथ ही आला अधिकारियों को मौके पर भेजा है। उन्होंने एडीजी आगरा और कमिश्नर के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। उनसे 24 घंटे की भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। मुख्यमंत्री पल-पल की स्थिति पर नज़र रख रहे हैं।

घायलों को मिलेंगे 50-50 हजार

मुख्यमंत्री ने घटना को बहुत ही दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यक्रम आयोजकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर पुलिस प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

एडीजी आगरा व अलीगढ़ कमिश्नर करेंगे जांच

मुख्यमंत्री ने कहा है कि हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। हादसे की जांच के लिए एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। यह टीम दुर्घटना के कारणों की जांच कर पंद्रह दिन में रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेगी।

मुख्य सचिव व डीजीपी घटनास्थल पर पहुंचे

मुख्यमंत्री के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सरकार में गन्ना विकास एवं चीनी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री खुद पल-पल की गतिविधियों पर नज़र रख रहे हैं। उन्होंने प्रभु श्री राम से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *