राम मंदिर में दर्शन के लिए अयोध्या के संतों को मिलेगा छह माह का पास, साथ ले जा सकेंगे सहयोगी

श्रीरामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ने रामलला की दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। यह व्यवस्था मंगलवार से लागू कर दी जाएगी। तीर्थ क्षेत्र ने अयोध्या के नित्य दर्शनार्थी संतों के लिए भी बड़ी सुविधा का ऐलान किया है।इसके लिए संतों को उनके आईडी प्रूफ के आधार पर छह माह की वैधता का पास निर्गत किया जाएगा। नित्य दर्शनार्थी संतों को इस पास के लिए तीर्थ क्षेत्र के कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन करना होगा। इस पर विचार कर पास निर्गत कर दिया जाएगा।संतों को अपने साथ एक सहयोगी को ले जाने की सुविधा भी दी जाएगी और सहयोगी का भी पास निर्गत किया जाएगा। नित्य दर्शनार्थी पास की सुविधा हर दिन सुबह साढ़े छह बजे से रात्रि साढ़े नौ बजे के मध्य किसी भी समय के लिए सुलभ होगी। इस पास में आरती दर्शन की सुविधा शामिल नहीं है। फिलहाल इस पास के लिए साफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है।इसकी पुष्टि करते हुए राम मंदिर निर्माण के प्रभारी व विहिप के केन्द्रीय मंत्री गोपाल राव ने बताया कि मंगलवार से क्रासिंग टू से उन्हीं श्रद्धालुओं को प्रवेश मिलेगा जिनके पास विशिष्ट दर्शन का पास रहेगा। उन्होंने बताया कि इस प्रवेश द्वार से वायरलेस मेसेज के जरिए दर्शन की सुविधा पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। विशिष्ट दर्शन पास की योजना ऑफलाइन ही लागू की गई है। यह पास तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यालय के अलावा जिलाधिकारी कार्यालय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मंडलायुक्त कार्यालय व पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से भी सुलभ होगी।

हर स्लॉट में सुगम दर्शन के पास की संख्या बढ़ाकर 550 की गई
तीर्थ क्षेत्र के विशिष्ट सदस्य गोपाल राव ने बताया कि दर्शन आम श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था जन्मभूमि पथ से पूर्ववत ही रहेगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सुगम दर्शन पास की संख्या में बढ़ोत्तरी कर दी गई है। इस बढ़ोत्तरी के जरिए हर स्लाट में साढ़े पांच सौ दर्शनार्थी रामलला का दर्शन कर सकेंगे। अभी तक यह संख्या तीन सौ निर्धारित थी। इसमें 150 पास आनलाइन व 150 रेफरल थे।

बताया गया कि सुगम दर्शन के लिए ऑनलाइन पास के लिए 150 पास की संख्या यथावत रहेगी जबकि रेफरल पास की संख्या को 150 से बढ़ाकर चार सौ कर दिया गया है। सुगम दर्शन का यह रेफरल पास श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के पदाधिकारियों की सिफारिश पर निर्गत की जाएगी। सुगम दर्शन का पास बिड़ला धर्मशाला के सामने तीर्थ क्षेत्र के यात्री सेवा केंद्र के अलावा रंगमहल बैरियर के निकट तीर्थ क्षेत्र कार्यालय से भी बनवाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *