जब पीएम मोदी ने पूछ लिया बनारस में कैसे कम हो गया वोट, पार्टी के प्रति नाराजगी है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार वाराणसी से सांसद बनने के बाद दो दिवसीय दौसे पर मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे। बुधवार की सुबह बनारस से नालंदा रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने बरेका गेस्ट हाऊस में भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात की।इस दौरान पदाधिकारियों से बनारस में भाजपा को मिले वोटों में कमी आने और जीत की मार्जिन कम होने को लेकर सवाल पूछ लिया। पार्टी को लेकर लोगों में किसी तरह की नाराजगी को लेकर भी सवाल पूछा। पीएम मोदी से किसान मोर्चा के कुल 17 पदाधिकारी मिलने पहुंचे थे।पीएम मोदी ने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों से मिलने पर मुस्कुराते हुए हालचाल पूछा। औपचारिक बातचीत के बाद इन प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार जीत में वोट प्रतिशत काफी कम हो गया। पीएम मोदी ने कहा कि प्रदेश सरकार के तीन मंत्री, सभी विधायक, तीन एमएलसी भाजपा के हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष और मेयर भी भाजपा के हैं। मिला जुलाकर पूरी सरकार ही आपकी ही है। इसके बावजूद इस बार आम चुनाव में वाराणसी में मतदान का प्रतिशत घट कैसे गया। इससे पहले वर्ष 2014 और 2019 के आम चुनाव में ऐसा नहीं था। पीएम मोदी के सवाल पर सभी पदाधिकारी निरुत्तर हो गए। इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि आगामी चुनाव में सभी को एक होकर वोट प्रतिशत को बढ़ाना होगा। इसके लिए आप लोग अधिक से अधिक जनता के बीच रहें और जनता का कार्य कराते रहे।गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछली बार पौने पांच लाख वोटों से जीत हासिल की थी। जबकि इस बार उनकी जीत केवल डेढ़ लाख वोटों से हुई है। उन्हें पिछली बार की तुलना में वोट भी कम मिले हैं। पिछली बार पीएम मोदी को जहां 674,664 वोट मिले थे। इस बार 612,970 वोट ही मिले। इसके उलट कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय को पिछली बार के मुकाबले तीन गुना वोट मिले हैं। अजय राय को पिछली बार 152,548 वोट मिले थे। इस बार अजय राय ने 4,60,457 वोट हासिल कर लिये। पीएम मोदी का मार्जिन घटना पूरे देश में चर्चा का विषय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *