रात की भीषण गर्मी ने तोड़ा 52 साल का रिकॉर्ड, यूपी के इस शहर में 15 जून तक के लिए रेड अलर्ट

प्रयागराज के बाद कानपुर प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। मंगलवार को एयरफोर्स वेदर स्टेशन के अनुसार, अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान भी सीजन का सर्वाधिक 34.9 डिग्री रहा।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) में दर्ज न्यूनतम तापमान ने 52 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग ने 15 जून तक कानपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू-धूप का रेड अलर्ट जारी किया है।

हल्के बादलों ने रात की गर्मी बढ़ा दी है। सोमवार-मंगलवार की रात सीजन की सबसे गर्म रात रही। एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर 24 घंटों में रात के तापमान में 05.3 डिग्री वृद्धि हुई। सीएसए में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से 32.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। 24 घंटों में यहां 07.4 डिग्री वृद्धि हुई। यह सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है। सीएसए में सोमवार-मंगलवार को न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 11 जून को 1972 से अब तक नहीं रहा। इस तरह एक ही तिथि में इतने अधिक तापमान का रिकॉर्ड टूट गया। इससे अधिक रात का पारा 06 जून 1980 को रहा है जो 33 डिग्री था। 14 जून 2023 को 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा है।

फिर चढ़ने लगा दिन का पारा एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर पिछले 72 घंटों से दिन का पारा लगातार बढ़ रहा है। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, जो 45.7 डिग्री तक पहुंच गया। सीएसए में अधिकतम तापमान 44 डिग्री पहुंच गया। पिछले 72 घंटों से यहां दिन का पारा 43.6 डिग्री बना हुआ था। दिन का पारा सामान्य से 04.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

तेज लू-धूप से बचें, अलर्ट जारी

सीएसए के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज लू और धूप का रेड अलर्ट जारी किया है। 15 जून तक राहत नहीं मिलेगी। दिन के समय सिर्फ जरूरत पर ही निकलें। हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। खाली पेट न रहें। 19 जून के बाद राहत मिल सकती है।

नमी का प्रतिशत मात्र 13 रह गया

उत्तर पश्चिमी शुष्क और तेज हवाओं के चलते नमी का न्यूनतम प्रतिशत 13 रह गया। अधिकतम नमी 33 प्रतिशत रही। यह सीजन की सबसे कम नमी है। इससे लू का असर अधिक रहा।

सीएसए वेदर स्टेशन से मौसम का हाल

जून अधिकतम न्यूनतम

08 43.4 29.6

09 43.6 29.0

10 43.6 25.0

11 44.0 32.4

एयरफोर्स वेदर स्टेशन से मौसम का हाल

जून अधिकतम न्यूनतम

08 44.3 30.9

09 44.6 32.6

10 45.2 29.6

11 45.7 34.9

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *