संजीव बालियान और संगीत सोम के झगड़े में कूदे RLD नेता को चेतावनी, आगे बोले तो कार्रवाई करेंगे जयंत

लोकसभा चुनाव हारने के बाद भाजपा के दो नेताओं डॉ. संजीव बालियान और संगीत सोम के बीच छिड़े आरोप-प्रत्यारोप के बीच में बोलना राष्ट्रीय लोकदल के एक नेता को भारी पड़ गया। रालोद व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल को इस पर पार्टी की ओर से कड़ी फटकार लगाई गई है।पार्टी के पूर्व विधायक एवं अनुशासन समिति के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह बालियान ने रोहित को पत्र भेजकर किसी भी राजनैतिक विरोधियों के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने, टिप्पणी या आक्षेप लगाने आदि को गंभीर मानते हुए चेतावनी दी है।इसके साथ ही राष्ट्रीय लोकदल ने पार्टी के अन्य बयानवीर नेताओं पर भी शिकंजा कस दिया है। पार्टी के हस्तिनापुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी योगेंद्र सिंह चेयरमैन ने बकायदा एक पत्र जारी करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) चौधरी जयंत सिंह ने निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा है कि कोई भी पदाधिकारी जो पार्टी की तरफ से अधिकृत रूप से प्रवक्ता नियुक्त नहीं है, वह प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (सोशल मीडिया या यूट्यूब चैनल सहित) पर पार्टी की नीतियों और एनडीए गठबंधन में सहयोगी पार्टियों के संबंध में किसी भी प्रकार का कोई बयान नहीं देगा।केवल पार्टी की तरफ से नियुक्त प्रवक्ता ही कोई राजनैतिक बयान दे सकता है। इसके अलावा कोई भी पदाधिकारी बयानबाजी करता है तो उसे अनुशासनहीनता के दायरे में रखते हुए कार्यवाही की जाएगी।
संजीव बालियान और सोम की लड़ाई से भाजपा का नुकसान
मुजफ्फरनगर में दो साल के भीतर भाजपा को तीन बार हार का सामना करना पड़ा है। 2022 में विधानसभा चुनाव, फिर खतौली उपचुनाव और अब लोकसभा चुनाव। लोकसभा चुनाव की हार के बाद अब सवाल उठने लगा है कि कहीं दो दिग्गज नेताओं की सियासी जंग से तो मुजफ्फरनगर की सीट भाजपा के हाथ से नहीं निकल रही है? हार के बावजूद उठापटक जारी है। सोमवार को संजीव बालियान ने हार का ठिकरा संगीत सोम पर फोड़ा था। मंगलवार को संगीत सोम ने बालियान के आरोप का जवाब दिया और कहा कि संजीव बालियान अपने घर में क्यों हारे? उन्होंने बालियान पर कई आरोप लगाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *