कांग्रेस यूपी अध्यक्ष अजय राय का दावा, ये 4 सीटें भी हम जीते थे, सरकार ने हरवा दी

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि यूपी ने भाजपा के नारों की हवा निकाल दी। चुनाव में भाजपा ने अबकी बार 400 पार, 80 में 80 और वाराणसी में 10 लाख पार का नारा दिया था। उसके ये तीनों ही नारे औंधे मुंह गिर गए।वह बुधवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि बांसगांव, देवरिया, महराजगंज और अमरोहा में हम जीत रहे थे। यहां कांग्रेस के प्रत्याशियों को प्रशासनिक तंत्र का सहारा लेकर हराया गया। यूपी ने इंडिया गठबंधन को जनादेश दिया है, इसलिए यह गठबंधन जनता की आवाज मजबूती से उठता रहेगा। पहले केवल यूपी में पेपर लीक हो रहे थे। अब यह देश स्तर पर होने लगा है। नीट परीक्षा को लेकर उठे सवाल गंभीर हैं। इससे संबंधित याचिका पर जवाब मांगने के लिए सुप्रीम कोर्ट बधाई का पात्र है। सरकारों की इस विफलता से युवाओं का भरोसा टूट रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी को लेकर उप राज्यपाल मनोज सिन्हा को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि वह वाराणसी और गाजीपुर में चुनाव प्रचार में व्यस्त थे। केंद्र सरकार जम्मू कश्मीर में आतंक पर लगाम लगाने में विफल साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *