
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि लोकसभा का स्पीकर भाजपा नही होना चाहिए वरना यह पार्टी आसानी से दूसरी पार्टियों को तोड़ेगी और सांसदों को निलंबित करेगी।साथ ही संविधान विरोधी बिल पास करेगी। संजय सिंह शनिवार को लखनऊ में प्रेस कॉफ्रेंस कर रहे थे। उन्होंने केंद्र में बनने जा रही एनडीए की सरकार के बारे में कहा कि यह सरकार 13 महीने भी चल सकती है, छह महीने भी और 13 दिन भी। बहुत जल्द इनकी विदाई तय है। आप सांसद ने टीडीपी की स्पीकर पद की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा के स्पीकर से लोकतंत्र को खतरा है इसलिए यदि टीडीपी की मांग पूरी नहीं की जाएगी तो इंडिया गठबंधन इस पर विचार करेगा।
संजय सिंह ने कहा कि भाजपाई 400 पार का नारा दे रहे थे लेकिन 2014 की तुलना में उनकी 160 सीटें कम आयी। 2019 की तुलना में 63 सीट कम आयी। यह जनादेश देश की जनता ने बेरोजगारी के खिलाफ दिया है, महंगाई के खिलाफ दिया है, अग्निवीर योजना के खिलाफ दिया है, संविधान को खत्म करने के प्रयास के खिलाफ दिया है। इतना ही नहीं यह जनादेश आरक्षण को खत्म करने के प्रयास के खिलाफ भी है। अयोध्या में हुई बीजेपी की हार का उल्लेख करते हुए कहा कि बीजेपी किसी की सगी नहीं है अयोध्या में हार जाने के बाद अब अयोध्या वासियों को गाली दे रही हैं। प्रदेश के तीन सीटों पर धांधली का आशंका जताते हुए संजय सिंह ने कहा कि फर्रुखाबाद, बांसगांव और फूलपुर के सीटों पर बीजेपी के जीत का अंतर दो से चार हजार है। वो भी तब जब काउंटिंग के अंतिम समय में बिजली काट दी गई थी।
इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने को लेकर संजय सिंह ने साफ कहा कि हम देश की राजनीति पर नजर रखेंगे और एनडीए के घटक दलों की जो मांग है, मसलन आंध्र प्रदेश को विशेष दर्ज की मांग हो या बिहार को स्पेशल राहत पैकेज और विशेष राज्य का दर्जा देने की या फिर अग्निवीर योजना खत्म करने की। यह देखना होगा कि बीजेपी कितने वादे पूरा करती है। यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी ने यूपी में चुनाव नहीं लड़ा लेकिन हमारे संगठन ने अखिलेश यादव, राहुल गांधी को पूरा समर्थन दिया और जनता ने उत्तर प्रदेश से हमें जनादेश दिया।