
जेल से रिहा होने के बाद अरविंद केजरीवाल ने लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा और दावा किया कि अगले साल वह रिटायर हो रहे हैं। उन्होंने कहा तब अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाया जाएगा।उनके इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि बीजेपी के संविधान में ऐसा कुछ नहीं लिखा है। उन्होंने कहा, पीएम मोदी अगले साल 75 साल के हो रहे हैं, इस पर केजरीवाल एंड कंपनी को खुश होने की जरूरत नहीं है। पीएम मोदी ही आगे देश का नेतृत्व करेंगे।अब आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उनके बयान पर पलटवार करते हुए पूछा है कि जो नियम लाल कृष्ण आडवाणी जी पर लागू हुए वो पीएम मोदी पर क्यों नहीं हो रहे। उन्होंने कहा, BJP और नरेंद्र मोदी ने खुद ही नियम बनाया था कि पार्टी में जो व्यक्ति 75 वर्ष का हो जाएगा, वह रिटायर हो जायेगा। वह चुनाव नहीं लड़ेगा। इसी नियम के तहत बीजेपी ने लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और सुमित्रा महाजन समेत कई बड़े नेताओं को किनारे लगा दिया। कई सांसदों के टिकट काट दिए।उन्होंने आगे कहा, आज जब अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी 75 साल में रिटायर हो जाएंगे उसके बाद अमित शाह देश के पीएम बनेंगे तो मोदी की गारंटी कौन पूरी करेगा?…मुझे लगता है कि अमित शाह का बयान काफी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आगे आकर कहना चाहिए कि उन्होंने बीजेपी के अन्य नेताओं के लिए जो नियम और सिद्धांत बनाए हैं, वे उन पर लागू नहीं होते।”
आएगा तो मोदी ही, रहेगा तो मोदी ही – जेपी नड्डा
बता दें, केजरीवाल की तरफ किए गए पीएम मोदी के रिटायरमेंट के दावे पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रतिक्रिया भी सामने आई थी। जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा था, भारतीय जनता पार्टी के संविधान में कहीं भी उम्र को लेकर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। जनता जानती है मोदी जी का कण-कण और क्षण-क्षण भारत माता की सेवा के लिए समर्पित है। मोदी जी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना साकार हो रही है और अपने अगले 5वर्षों के कार्यकाल में मोदी जी देश को नये शिखर पर ले जाएंगे। विपक्ष खुश न हों, कोई मुगालता ना पाले। मोदी जी हमारे नेता है और आगे भी हमारा नेतृत्व करते रहेंगे। INDI गठबंधन और बेल पर जेल से बाहर आया नेता भी जानता है कि “आएगा तो मोदी ही, रहेगा तो मोदी ही, भारत को मज़बूत बनायेगा तो मोदी ही।”राजनाथ सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल जी ने जेल से अंतरिम जमानत पर छूटने के बाद, आज भाजपा के बारे में जिस तरह की अनर्गल बातें की हैं उससे यह साफ़ दिखने लगा है कि इस चुनाव में भाजपा और एनडीए गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शानदार विजय प्राप्त करने जा रहा है। हार की हताशा के कारण आम आदमी पार्टी समेत पूरे इंडी गठबंधन की मति भ्रष्ट हो चुकी है।