
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने मणिशंकर अय्यर के बयानों को लेकर उठे विवाद के बाद भाजपा पर पलटवार किया। प्रियंका गांधी ने कहा, जब भारत में चुनाव हो रहे हैं और बेरोजगारी की दर 45 वर्ष में सबसे ज्यादा है तो पाकिस्तान की चर्चा क्यों हो रही है।उन्होंने आगे कहा, भाजपा को वास्तविक मुद्दों और काम के आधार पर चुनाव लड़ने चाहिए। प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे को उठाने का आरोप लगाया और कहा कि लोग नहीं चाहते कि चुनाव धर्म और जाति के नाम पर लड़े जाएं। दरअसल पांचवे चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इन दिनों रायबरेली और अमेठी में डेरा डाल रखा है। प्रियंका गांधी कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं भी कर रही हैं।कांग्रेस महासचिव ने कहा, लोग कह रहे हैं कि भाजपा ने दो चुनाव धर्म के आधार पर जीते हैं और अब उससे आगे बढ़िए। कांग्रेस नेता अय्यर के बयान को लेकर उठे विवाद के बारे में पूछे जाने पर प्रियंका ने कहा कि इस मुद्दे पर इस समय बात क्यों हो रही है जबकि बयान पुराना है। उन्होंने अमेठी में पार्टी के उम्मीदवार किशोरीलाल शर्मा के लिए चुनाव प्रचार के दौरान बातचीत में कहा, ‘मैं पूछती हूं कि बयान कब दिया गया था। अगर यह एक पुराना बयान है तो हम आज इस पर चर्चा क्यों कर रहे हैं? दूसरी बात, मैं पूछना चाहती हूं कि चुनाव कहां हो रहे हैं, भारत में या पाकिस्तान में? चुनाव भारत में हो रहे हैं तो हम पाकिस्तान की चर्चा क्यों कर रहे हैं?
प्रियंका ने पूछा कि भारत में बढ़ती बेरोजगारी पर चर्चा क्यों नहीं हो रही जो पिछले 45 वर्ष में सर्वाधिक है और महंगाई पर बात क्यों नहीं हो रही जिसके कारण लोग बाजार जाते हैं और जो खरीदना चाहते हैं, उससे आधा सामान खरीदकर लौट आते हैं। उन्होंने कहा, अगर लोगों को आज इलाज कराना है तो उन्हें चिंता होती है। इस बारे में बात क्यों नहीं हो रही? किसान परेशान हैं, उनकी कमाई नहीं हो रही, डीजल से लेकर खेती का सामान सबकुछ महंगा हो गया है। इस पर बात क्यों नहीं हो रही? श्रमिकों का शोषण क्यों हो रहा है और उन्हें पर्याप्त वेतन क्यों नहीं मिलता?पाकिस्तान पर अय्यर की टिप्पणी ने शुक्रवार को विवाद खड़ा कर दिया और उनकी पार्टी ने तुरंत खुद को टिप्पणियों से अलग कर लिया। भाजपा ने इस बयान के सहारे कांग्रेस पर पाकिस्तान और उसकी धरती से उत्पन्न होने वाले आतंकवाद के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया। अय्यर ने कहा कि वीडियो पुराना है और चुनाव के मौके पर उसे लाया गया है।
सोशल मीडिया पर जारी इस वीडियो में अय्यर को कहते हुए सुना जा सकता है कि भारत को पाकिस्तान को सम्मान देना चाहिए क्योंकि यह एक संप्रभु राष्ट्र है और उसके साथ बात करनी चाहिए क्योंकि उसके पास परमाणु बम है। प्रियंका गांधी ने भाजपा पर वास्तविक मुद्दों और अपने कामकाज से ध्यान भटकाने के लिए हिंदू-मुस्लिम बयानबाजी करने का आरोप लगाया। कांग्रेस महासचिव ने कहा, मुझे लगता है कि लोग तंग आ चुके हैं और समझ गए हैं कि हर चुनाव में वे हिंदू-मुस्लिम करते हैं, इसे धर्म आधारित बनाते हैं, कभी-कभी वे भगवान के नाम पर (इस बात की) शपथ लेने के लिए कहते हैं कि आप भाजपा को वोट देंगे… क्या बकवास है ये। उन्होंने कहा कि भाजपा को काम के आधार पर वोट मांगना चाहिए। प्रियंका ने यह भी पूछा कि भाजपा अपनी हिंदू-मुस्लिम बयानबाजी के आधार पर कितने चुनाव जीतना चाहती है।