
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने राज्य पुलिस को सूचित किए बिना संदेशखाली में छापेमारी की और हथियार बरामदगी का ”कोई सबूत नहीं” है।उन्होंने छापेमारी के संबंध में संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि बरामद वस्तुएं ”केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों द्वारा लाई गई होंगी।” मुख्यमंत्री ने कहा, ”अगर बंगाल में पटाखा भी फूटता है, तो एनआईए (राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण), सीबीआई, एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) जांच करने आ जाती हैं। ऐसा लग रहा है जैसे कोई युद्ध चल रहा हो। राज्य पुलिस को सूचित नहीं किया गया।”उन्होंने कहा, ”क्या मिला ये पता नहीं। कोई सबूत नहीं है। बरामद की गई चीजें संभवत: उनके (सीबीआई) द्वारा एक कार में लाई गई होंगी।” बनर्जी आसनसोल लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा के लिए एक चुनावी रैली को संबोधित कर रही थीं। अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई ने शुक्रवार को संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस नेता रहे शाहजहां शेख के एक सहयोगी के दो परिसरों पर छापेमारी के दौरान एक पुलिस रिवॉल्वर और विदेश निर्मित आग्नेयास्त्रों सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद किया था। शेख के समर्थकों द्वारा 29 फरवरी को ईडी की टीम पर हमला किए जाने की घटना के सिलसिले में यह छापेमारी की गई। अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई, बम निरोधक दस्ते, एनएसजी, केंद्रीय अर्द्धसैन्य बलों और पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम ने उत्तर 24 परगना जिले में सुंदरबन के किनारे एक गांव में छापेमारी की।
भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आतंकियों को बचाने का आरोप लगाया
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आतंकवादियों और बलात्कारियों को ”बचाने” का आरोप लगाया तथा कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य अराजकता के कगार पर है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने संवाददाता सम्मेलन में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में छापेमारी के दौरान एक पुलिस रिवॉल्वर और विदेश निर्मित आग्नेयास्त्रों सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद किया था। शुक्ला ने आरोप लगाया कि संदेशखाली में गुंडों ने महिलाओं से उनके मंगलसूत्र लूट लिए, शेख जैसे ”बलात्कारियों” को संरक्षण दिया गया और पुलिस के हथियार सहित ऐसे हथियारों की बरामदगी से पता चलता है कि राज्य पुलिस अपराधियों को संरक्षण दे रही है। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता शाहजहां शेख पर महिलाओं का उत्पीड़न करने और जमीन हड़पने वाले स्थानीय गुंडों का गिरोह संचालित करने का आरोप है।