योगी कैबिनेट में 23 प्रस्तावों पर मुहर, मुख्‍तार अंसारी पर फैसला टला

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार शाम कैबिनेट बैठक में 23 प्रस्तावों की मुहर लगी। वहीं, एमपी/एमएलए कोर्ट में मंगलवार को मुख्तार अंसारी के गैंगस्टर मामले का फैसला टल गया है।

1.छह डेयरी प्लांट को लीज पर देने समेत 23 प्रस्तावों पर योगी कैबिनेट की मुहर

यूपी की योगी कैबिनेट ने मंगलवार को निजी क्षेत्र को डेयरी प्लांट, छात्रों के निजी क्षेत्र में अप्रेंटिस, शीरा नीति समेत 23 प्रस्तावों पर मुहर लगा दी। यूपी के छह जिलों में डेयरी प्लांट के पट्टे दस साल के लिए दिए जाएंगे। गोरखपुर, कानपुर,नोएडा, प्रयागराज, आजमगढ़ और मुरादाबाद में यह प्लांट खुलेंगे। इससे जहां प्रदेश के पशुपालकों को दुध का उचित मूल्य मिलेगा, वहीं आम जनमानस को गुणवत्तायुक्त दुध उपलब्ध होगा। इसके साथ ही प्रदेश में बायोडीजल उत्पादन और बिक्री के संशोधन प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी गई है।

2.मुख्तार अंसारी पर गैंगस्टर के मामले में फैसला टला

माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ गैंगस्टर के मामले पर गाजीपुर की विशेष अदालत ने सजा पर फैसले की तारीख टाल दी है। अब 28 अगस्त को फैसला सुनाया जाएगा। सरकारी वकील की अर्जी पर कोर्ट ने मामले की सुनवाई टाल दी।

3. मकान से आ रही थी मांस जलाने की दुर्गंध, अंदर का नजारा देख हैरान रह गई पुलिस

उन्नाव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में पुलिस को एक मकान में एक अर्धजला शव मिला है। इसे लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय आनंद ने मंगलवार को बताया कि बांगरमऊ कस्बे के फायर ब्रिगेड स्टेशन मार्ग स्थित मोहल्ला न्यू कटरा के एक घर के अंदर कमरे में पुलिस ने एक जला हुआ शव बरामद किया है।

4. हरद्वार दुबे के निधन से खाली राज्यसभा की सीट पर 15 सितंबर को उपचुनाव

हरद्वार दुबे के निधन के बाद से खाली हुई यूपी से राज्यसभा की सीट पर 15 सितंबर को उपचुनाव होगा। उसी दिन शाम 5 बजे के बाद से मतगणना होगा। उपचुनाव के लिए उपचुनाव की अधिसूचना 29 अगस्त को जारी की जाएगी।

5.संविदाकर्मी ने महिला सिपाही के साथ की अभद्रता, बीच-बचाव करने आए दरोगा की फाड़ वर्दी

बरेली मेहंदी मेला में ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही के साथ नगर पंचायत संविदा कर्मी ने अभद्रता की। जब दरोगा ने समझाने का प्रयास किया तो दरोगा के साथ मारपीट की और वर्दी फाड़ दी। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

6- पूर्वोत्तर रेलवे में साढ़े 4 महीने में चलीं 20 हजार ट्रेनें, 25% लेट

पूर्वोत्तर रेलवे में ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ गई है। इस साल एक अप्रैल से 15 अगस्त के बीच 20 हजार से ज्यादा ट्रेनें चलीं लेकिन इनमें से करीब एक तिहाई ट्रेनें अपने गंतव्य तक देरी से पहुंचीं। लंबे समय बाद पंक्चुअल्टी 90 से लुढ़कर करीब 75 पहुंच गई। सबसे ज्यादा लेटलतीफी जुलाई में हुई।

7- शराब नहीं पिलाने से नाराज शख्स ने रेत दिया मजदूर का गला

गोरखपुर में एक शख्स ने शराब न पिलाने और उधार का पैसा वापस न करने पर एक मजदूर की गला रेत कर हत्या की थी। हत्या के बाद उसने गांव के अपने दुश्मन को फंसाने की साजिश रची थी। उसने शंकर के घर जाकर मारपीट की सूचना दी। ताकि उसके घरवाले शंकर की तलाश करें और उसके दुश्मन पर ही हत्या का शक जताएं। पुलिस ने सीसी टीवी की मदद से आरोपित राजू को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया।

8- निकायों में 1339 पदों पर जल्द भर्ती, पहले चरण में भरे जाएंगे इतने पद

शहरी निकायों में 1339 पदों को जल्द भरने की तैयारी है। इनमें 920 सीधी भर्ती और 419 पदों को पदोन्नति से भरा जाएगा। पहले चरण में पदोन्नति और इसके बाद सीधी भर्ती वाले पदों को भरा जाएगा।उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग से समूह ‘क’ व ‘ख’ और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग समूह ‘ग’ के पदों को भरने का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

9- UP में कल पहली बार शाम को खुलेंगे स्कूल, योगी सरकार ने जारी किया आदेश

यूपी में कल यानी 23 अगस्त को शाम को एक घंटे के लिए स्कूल खुलेंगे।इस दौरान चन्द्रयान-3 की लैंडिंग को प्रदेश के स्कूली बच्चे टीवी या यूट्यूब चैनल पर सीधे प्रसारण के माध्यम से देखेंगे। केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से मिले निर्देश के बाद योगी आदित्यनाथ सरकार ने इसके लिए स्कूलों को व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

10- लव, सेक्स और धोखा; शादी का झांसा देकर किया रेप, मिली 12 साल की सजा

बलिया में लव, सेक्स और धोखा का एक मामला सामने आया है। दरअसल एक शख्स ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ रेप किया। तीन साल पुराने इस मामले में अब अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 12 साल की कारावास की सजा सुनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *