
जोया अख्तर और रीमा कागती का शो ‘मेड इन हेवन 2’ अपनी स्ट्रीमिंग के बाद से ही सुर्खियों में है। वर्ष 2009 में ‘लक बाय चांस’ के साथ डायरेक्शन की शुरुआत करने वाली डायरेक्टर से हाल ही में एक इंस्टाग्राम यूजर ने उनके शो और फिल्मों में मुस्लिम पात्रों के चित्रण को लेकर सवाल पूछा।
इस सवाल का जोया ने भी शानदार जवाब पेश किया है। डायरेक्टर का जवाब इस समय सोशल मीडिया पर खूब लाइमलाइट बटोर रहा है।
नेटिजन ने डायरेक्टर से सवाल किया कि क्या वह कभी शो में एक मुस्लिम कैरेक्टर को किसी ऐसे व्यक्ति के रूप में चित्रित करेंगी, जो उत्पीड़ित नहीं है। यूजर का इशारा ‘मेड इन हेवन 2’ में दीया मिर्जा द्वारा निभाए गए शहनाज के किरदार की ओर था। प्राइम वीडियो शो में, शहनाज अपने पति के कई वर्षों के बाद दोबारा शादी करने के फैसले से टूट जाती है।
इंस्टाग्राम यूजर के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए, जोया अख्तर ने अपनी फिल्मों में उन सभी मुस्लिम पात्रों की ओर इशारा किया, जिन्हें उन्होंने सकारात्मक रूप से चित्रित किया है। उन्होंने लिखा, ‘लक बाय चांस में जफर खान और तनवीर। जिंदगी ना मिलेगी दोबारा में इमरान और लैला। दिल धड़कने दो में फराह अली। गली बॉय में व्यावहारिक रूप से हर कोई। मेड इन हेवन में सरफराज खान और लीला शिराजी, कबीर, फैजा और नवाब।’
जोया अख्तर ने हाल ही में दलित लेखिका याशिका दत्त के दावे पर भी पलटवार किया था। दरअसल, याशिका ने आरोप लगाया था कि सीरीज में उनके किरदार को बिना उन्हें क्रेडिट दिए दर्शाया गया है। हालांकि, बीते दिन जोया और रीमा कागती ने लंबा नोट लिखकर साफ किया कि उन्होंने याशिका की लाइफ की कहानी अपनी सीरीज में नहीं दिखाई है, और सीरीज के किसी भी हिस्से का उनके जीवन से कोई लेना-देना नहीं है।
‘मेड इन हेवन 2’ के मेकर्स पर फैशन डिजाइनर तरुण ताहिलियानी भी आरोप लगा चुके हैं। तरुण ने दावा किया है कि बिना किसी क्रेडिट के एक एपिसोड में उनके डिजाइनों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। तरुण ने बकायदा पोस्ट कर मेकर्स के खिलाफ मोर्चा खोला था।