पंजाब में कांग्रेस विधायक सुखापाल सिंह खैरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खबर है कि साल 2015 के ड्रग्स से जुड़े केस में पुलिस ने यह कार्रवाई की है। फिलहाल, आम आदमी पार्टी यानी AAP शासित पंजाब में इस एक्शन के तार राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा की शादी से भी जोड़े जा रहे हैं।
हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।
हीरे की अंगूठी पर उठाए थे सवाल
एक दिन पहले यानी बुधवार को ही खेरा ने लिखा था, ‘क्या राघव चड्ढा बता पाएंगे कि वह नई नवेली दुल्हन परिणीति चोपड़ा (जिनकी घोषित आए चड्ढा से 10 गुना ज्यादा है) के लिए 4 कैरेट की इतनी महंगी हीरे की अंगूठी कैसे ले आए। जबकि 2020-2021 के आयकर रिटर्न के अनुसार, उनकी आय महज 2.44 लाख रुपये है?’
उन्होंने सवाल किया, ‘खुल सेलिब्रिटी होते हुए उन्होंने चड्ढा को कम कीमत की अंगूठी दी? सच्चाई क्या है? पंजाब बदलाव जानना चाहता है।’
हालांकि, खेरा बीते कुछ दिनों से लगातार शादी समारोह को लेकर आप नेताओं पर निशाना साध रहे थे। उन्होंने बुधवार को माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, ‘अरविंद केजरीवाल, राघव चड्ढा, भगवंत मान जैसे आज के आम आदमी ब्रांड के चमचमाते काफिले को देखिए। जिन्होंने कभी सरकारी कार नहीं लेने जैसी कसम खाई थी और VIP कल्चर खत्म करने का वादा किया था। वे अब न केवल वादा तोड़ चुके हैं, बल्कि भारत के नए VVIP भी बन गए हैं।’
बेटे ने बताया बदले की कार्रवाई
खेरा के बेटे मेहताब सिंह ने इसे बदले की राजनीति बताया और कहा कि उनके पिता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी पार्टी का असली चेहरा सभी के सामने रखा है। सिंह ने कहा, ‘मेरे पिता हमेशा उन परिवारों के साथ खड़े रहे, जिन्होंने ड्रग्स ओवरडोज के चलते किसी को खो दिया… यही होता है, जब कोई सरकार के खिलाफ बोलता है। 5 सालों में दूसरी बार मेरे पिता गिरफ्तार हुए हैं…।’
उन्होंने कहा, ‘…यह सच्चाई बोलने का नतीजा है… 2015 की FIR का इस्तेमाल इस गिरफ्तारी में किया गया। उस FIR को लेकर कोर्ट ने हमें तलब किया था और हमने उस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती भी दी थी और आदेश खारिज हो गया था।’